दिल्ली: हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने बाबर रोड के साइनबोर्ड पर पोती कालिख
नई दिल्ली। हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर बाबर रोड का नाम बदलने की मांग की है। इसको लेकर हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने बंगाली मार्केट स्थित बाबर रोड के साइन बोर्ड पर कालिख पोत दी। साथ ही दिल्ली और केंद्र सरकार से इस रोड का नाम बदलने की मांग की। इस दौरान आसपास कुछ स्टीकर भी चिपकाए गए , जिन्हें पुलिस ने हटवा दिया है।

हिंदू सेना द्वारा बाबर रोड के साइन बोर्ड पर कालिख पोते जाने से दिल्ली की सियासत गरमा सकती है। इसके पहले दिल्ली के औरंगजेब रोड का नाम बदलकर पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर कर दिया गया था। इसके बाद से ही हिंदू सेना बाबर रोड का नाम बदलने की लगातार मांग कर रही है। इसको लेकर हिंदू सेना ने कई बार प्रदर्शन भी किया है।
हालांकि, औरंगजेब रोड का नाम बदले जाने पर सियासत भी गरमाई थी। कई विपक्षी दलों ने इसे इतिहास को बदलने की कोशिश करार दिया था और सत्ताधारी दल पर आरोप भी लगाए थे। मुगल शासक बाबर के नाम पर बनी इस रोड के नाम को बदलने की मांग लंबे समय से कई हिंदूवादी संगठन करते रहे हैं। हिंदू सेना का कहना है कि यह श्रीराम, श्रीकृष्ण व महाऋषि वाल्मीकि व संत रविदास का देश है, किसी अत्याचारी का नहीं।
इसको लेकर, हिन्दू सेना ने सरकार से मांग की है कि विदेशी आक्रांता बाबर रोड का नाम बदलकर भारत के किसी महापुरुष के नाम पर किया जाए। हिंदू सेना ने बाबर रोड के साइनबोर्ड पर कातिख पोतकर अपना विरोध जताया है।












Click it and Unblock the Notifications