तेलंगाना के बाद महाराष्ट्र में बारिश का कहर, 40 लोगों को किया गया रेस्क्यू, रेड अलर्ट जारी
नई दिल्ली: मानसून जाते-जाते भी कहर बरपा रहा है। मंगलवार को तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हुई। जिस वजह से दर्जनभर लोगों की जान चली गई। साथ ही करोड़ों का नुकसान हुआ। वहीं बुधवार को महाराष्ट्र के पुणे में भी भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस दौरान कई इलाकों में पानी भरने की खबर है। प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। साथ ही बड़े पैमाने पर रेस्क्यू टीमों को तैनात किया गया है।
Recommended Video

एसडीओ बारामती (पुणे) के मुताबिक 40 लोग बाढ़ में फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि बाढ़ प्रभावित निमगांव केतकी में 15 लोगों के फंसे होने की खबर मिली थी, जिनको बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वहीं इंदापुर के पास दो लोग अपने वाहन के साथ बह गए थे, उन्हें भी बचा लिया गया है। इसके साथ ही बारामती के रिहायसी इलाकों में बने मकानों में भी पानी घुस चुका है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक पुणे के इंदापुर में पानी के तेज बहाव ने एक शख्स को अपने साथ खींच लिया। इस दौरान आनन-फानन में जेसीबी को बुलाया गया। जिसके बाद उस शख्स की जान बची। इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तर कोंकण में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी कर दिया है। जिसमें मुंबई और ठाणे भी शामिल है। प्रशासन की ओर से जगह-जगह पर रेस्क्यू टीमों को तैनात किया जा रहा है।
आंध्रा-तेलंगाना में 20 की मौत
मंगलवार को तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में ज्यादा नुकसान हुआ। वहां के कई इलाकों में पानी भर गया। जिसके बाद सेना और NDRF की टीमों को मदद के लिए बुलाना पड़ा। एक रिपोर्ट के मुताबिक अब तक करीब 20 लोगों के मौत की खबर है, जबकि करोड़ों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालात को देखते हुए तेलंगाना सरकार ने गुरुवार तक की छुट्टी घोषित की है।












Click it and Unblock the Notifications