Covid-19: महाराष्ट्र में एक लाख से अधिक कोरोना के एक्टिव केस, इन राज्यों ने भी बढ़ाई केंद्र की चिंता
नई दिल्ली। महाराष्ट्र सहित देश के कई राज्यों में कोरोना वायरस महामारी का संकट फिर से गहराता जा रहा है। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने बताया कि महाराष्ट्र में वर्तमान में एक लाख से अधिक कोरोना के एक्टिव मरीज हैं। वहीं मध्य प्रदेश, गुजरात और हरियाणा में संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। राजेश भूषण के मुताबिक इन राज्यों के स्वास्थ्य सचिवों के साथ तीन बैठकें की गई हैं और कोरोना के खिलाफ एक्शन तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

Recommended Video
राजेश भूषण ने जानकारी देते हुए कहा, देश में रिकवरी रेट 97 फीसदी पर बना हुआ है। कोविड से होने वाली मृत्यु दर 1.4 प्रतिशत है और सक्रिय मामलों की दर 1.6 प्रतिशत है। भारत ने अब तक 2.43 करोड़ कोरोना वैक्सीन की डोज दी है। कोरोना वायरस की 71 फीसदी डोज सरकारी अस्पतालों में लगाई गई है और 28.77 फीसदी डोज प्राइवेट अस्पतालों में लगाई गई। देश में कोरोना वायरस वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। राज्यों को कितनी वैक्सीन देनी है? इसका फैसला स्वास्थ्य मंत्रालय दैनिक आधार पर करता है।
नीति आयोग के स्वास्थ्य सदस्य डॉक्टर वीके पॉल ने कहा कि हम महाराष्ट्र को लेकर बहुत चिंतित हैं। यह एक गंभीर मामला है। महाराष्ट्र से हमें दो सबक मिलते हैं, पहला ये कि वायरस को हल्के में न लें और अगर हमें कोविड-19 से बचना है तो कोरोना वायरस प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। वहीं, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च इन ट्राइबल हेल्थ (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉक्टर बलराम भार्गव ने कहा कि महाराष्ट्र ने एक चिंताजनक प्रवृत्ति दिखाई है। फिलहाल सामने आए नए मामलों में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन नहीं है। राज्य में कोविड-19 के परिक्षण में कमी और महामारी काल में लोगों की लापरवाही मामलों में बढ़ोतरी का कारण है।
यह भी पढ़ें: 'दरोगा हप्पू सिंह की अम्मा' ने ली कोरोना वैक्सीन की पहली डोज, फोटो शेयर कर फैंस को दी गुड न्यूज












Click it and Unblock the Notifications