'उन्होंने खुद स्वीकारा कि उनसे गलती हुई', अमित शाह ने POK के लिए पूर्व PM नेहरू को ठहराया जिम्मेदार
Amit Shah on Jawaharlal Nehru: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक बार फिर कश्मीर मसले पर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर निशाना साधा। उन्होंने राज्यसभा में चर्चा के दौरान पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के लिए जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पूर्व पीएम नेहरू ने गलती की, जिसके चलते ये सब हुआ।
अमित शाह सोमवार को राज्यसभा में जम्मू-कश्मीर आरक्षण (संशोधन) विधेयक 2023 और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2023 पर चर्चा के दौरान बोल रहे थे।

अमित शाह ने कहा कि जहां तक तंग नजरिये का सवाल है, देश की एक भी इंच जमीन का सवाल है, हमारा नजरिया तंग रहेगा। हम दिल बड़ा नहीं कर सकते। किसी को भी अपना बड़ा दिल दिखाने के लिए हमारी जमीन का एक हिस्सा देने का अधिकार नहीं है। अमित शाह ने फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ का भी संदर्भ दिया और कहा कि जब कश्मीर पर पाकिस्तानियों द्वारा आक्रमण किया जा रहा था तो सरदार पटेल के हस्तक्षेप के कारण ही भारतीय सेना भेजी गई थी।
उन्होंने कहा कि मैं सैम मानेकशॉ का संदर्भ देना चाहता हूं। उन्होंने एक जगह कहा था कि जब पाकिस्तानी कश्मीर पर हमला कर रहे थे, तब वह चर्चा में व्यस्त थे। सैम मानेकशॉ एक बैठक में मौजूद थे, जिसमें सरदार पटेल ने नेहरू से कहा था आपको कश्मीर चाहिए या नहीं? तब सेना भेजने का फैसला लिया गया। अगर उचित समय पर युद्धविराम नहीं होता तो पीओके होता ही नहीं। मामला यूएन में क्यों ले जाया गया?
गृह मंत्री ने पूर्व पीए नेहरू का एक उदाहरण भी दिया। उन्होंने कश्मीर मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र में ले जाने की अपनी गलती स्वीकार की और कहा कि संयुक्त राष्ट्र के अनुभव के बाद मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूं कि कोई संतोषजनक परिणाम नहीं मिला। मैंने युद्धविराम के फैसले को अच्छा माना, लेकिन हम इस मामले से अच्छे से नहीं निपट सके। हमें संघर्षविराम पर और विचार करना चाहिए था और इसे देर से लेना चाहिए था। अमित शाह ने सदन में कहा उनको तो मानोगे या नहीं मानोगे कि अनहोनी गलती की है। इसे स्वीकार करें। नेहरू जी ने खुद स्वीकार की है कि उनसे गलती हुई है।












Click it and Unblock the Notifications