हरियाणा कांग्रेस चीफ ने पीएम मोदी और खट्टर पर दिया विवादित बयान, बीजेपी ने पूछा- क्या यही है मोहब्बत की दुकान
हाल में बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने बीएसपी सांसद कुंवर दानिश अली पर लोकसभा में विवादित बयान दिया था। जिसको लेकर बीजेपी-कांग्रेस आमने-सामने हैं। ये मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब हरियाणा कांग्रेस प्रमुख उदयभान ने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम मनोहर लाल खट्टर को लेकर विवादित बयान दिया।
उदयभान का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा। उसमें इतने ज्यादा आपत्तिजनक शब्द बोले गए, जिसको हम लिख नहीं सकते हैं। इसके लिए अब उन पर कार्रवाई की मांग की जा रही। हालांकि मामला गर्माता देख उदयभान ने सफाई दी है।

हरियाणा कांग्रेस चीफ ने कहा कि मैंने जो कहा क्या वो गलत था? क्या मैंने अपशब्दों का प्रयोग किया? मैंने केवल सच कहा है। अगर कुछ भी गलत कहा होता तो माफी मांगता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बीजेपी को अपने सांसदों और नेताओं को नियंत्रण में रखना चाहिए। मैं पहले भी 20-30 रैलियों में ऐसी ही बातें कह चुका हूं। अगर बीजेपी को लगता है कि मैंने कुछ गलत कहा है, तो वो कोर्ट जा सकते हैं।
वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हाल ही में दानिश अली से मुलाकात की। साथ ही रमेश बिधूड़ी के बयान की आलोचना की। इसके साथ ही उन्होंने इस मुलाकात की फोटो ट्वीट कर लिखा- 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान'। इस पर बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाल ने पलटवार किया है।
इस वीडियो को ट्वीट करते हुए पूनावाला ने लिखा कि कांग्रेस भाषा को लेकर हंगामा कर रही थी। ये हरियाणा में कांग्रेस अध्यक्ष हैं। उन्होंने पीएम और सीएम के लिए सबसे अक्षम्य, भयानक भाषा का इस्तेमाल किया है। क्या कांग्रेस उन्हें बर्खास्त करेगी? क्या ये मोहब्बत की दुकान है?
उन्होंने आगे लिखा कि मोदी समाज को गाली देने से नीच तक, पीएम मोदी को कांग्रेस ने कई बार गाली दी। राहुल गांधी इस तरह की भाषा और व्यवहार को बढ़ावा देते हैं। खुद राहुल गांधी, खड़गे जी और सोनिया जी ने भी सबसे घटिया गालियां दी हैं। जनता को भी कांग्रेस ने राक्षस कहा है तो यही उनका असली चरित्र है।












Click it and Unblock the Notifications