मंदिरा बेदी के पति के बाद फिल्म इंडस्ट्री को एक और झटका, फेमस एक्टर अरविंद राठौड़ का निधन
मुंबई, 2 जुलाई। बॉलीवुड एक्ट्रेस मंदिरा बेदी के पति राज कौशल के निधन से अभी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री उबरी भी नहीं थी कि मनोरंजन जगत से एक और बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, गुजरात फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर अरविंद राठौड़ का गुरुवार (1 जुलाई) को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। 83 वर्षीय अरविंद राठौड़ सिर्फ गुजराती फिल्मों में ही नहीं बल्कि कई हिंदी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं, उन्होंने सदी के 'महानायक' अभिनेता अमिताभ बच्चन के साथ भी स्क्रीन शेयर किया था।

कोरोना की चपेट में आ गए थे अरविंद राठौड़
मशहूर एक्टर अरविंद राठौड़ कुछ महीने पहले ही कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आ गए थे और उसकी बाद कमजोरी के चलते कभी बिस्तर से नहीं उठ सके। अरविंद राठौड़ ने कभी शादी नहीं की, वह अपने भतीजे के बेटे-बहू के साथ रह रहे थे। लोकप्रिय गुजराती एक्टर हितेन कुमार ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि मुंबई छोड़ने के बाद अरविंद राठौड़ अहमदाबाद के पालड़ी में कुछ वर्षों से रह रहे थे।

फिल्मों में किए दमदार रोल
उन्होंने कहा, 'कोरोना संक्रमित होने के बाद वह ठीक हो गए थे, हालांकि उम्र संबंधि बीमारी के चलते तबीयत ठीक नहीं थी। वह (अरविंद राठौड़) उद्योग जगत के किसी भी व्यक्ति के संपर्क में नहीं थे। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।' आपको बता दें कि अरविंद को गुजराती फिल्म इंडस्ट्री का दिग्गज एक्टर माना जाता था, उन्होंने निगेटिन रोल के साथ कई फिल्मों में पॉजिटिव रोल भी किए थे।

अमिताभ बच्चन के साथ शेयर किया स्क्रीन
इतना ही नहीं अरविंद राठौड़ बॉलीवुड में भी हाथ आजमा चुके हैं, उन्होंने कई हिंदी फिल्मों में काम किया। अरविंद राठौड़ ने अमिताभ बच्चन की मशहूर फिल्म 'अग्निपथ' और 'खुदा गवाह' में महत्वपूर्ण किरदार निभाए थे। कहा जाता है कि कई वर्षों पहले ही बॉलीवुड के साथ उन्होंने मुंबई भी छोड़ दिया था। ऐक्टिंग में आने से पहले अरविंद एक फोटो जर्नलिस्ट के तौर पर काम करते थे।

इन फिल्मों में किया काम
अरविंद राठौड़ ने 1968 में आई फिल्म 'द लेडी किलर' में भी काम किया, इसके अलावा उन्होंने कई गुजराती फिल्मों जैसे- 'तारा वहता पानी', 'सोन कंसारी', 'गंगा सती', 'मां खोदल तारो खामकरो' में यादगार भूमिका निभाई। एक समय पर वह गुजराती थिएटर में भी काफी ऐक्टिव रहते थे। अरविंद राठौड़ के निधन पर बॉलीवुड सहित उनके कई प्रशंसक शोक व्यक्त कर रहे हैं। कोरोना वायरस काल में अब तक कई मशहूर हस्तियां हमारा साथ छोड़ चुकी हैं।

मंदिरा बेदी के पति का निधन
आपको बता दें कि इससे पहले फिल्म इंडस्ट्री को राज कौशल के रूप में बड़ा झटका लगा था। एक्ट्रेस और टीवी एंकर मंदिरा बेदी के पति और डॉयरेक्टर राज कौशल का 30 जून को हार्ट अटैक की वजह से निधन हो गया। राज कौशल के निधन से पूरा बॉलीवुड सदमे में है। इसी बीच मंदिरा बेदी और राज कौशल के दोस्त म्यूजिक डायरेक्टर सुलेमान मर्चेंट ने इस बात का खुलासा किया है कि कैसे राज कौशल की तबीयत बिगड़ी और मंदिरा ने उनको बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें: 'हार्ट अटैक हो रहा है...', राज कौशल की बात सुन अस्पताल लेकर भागीं मंदिरा बेदी लेकिन तब तक हो चुकी थी देर












Click it and Unblock the Notifications