गुजरात चुनाव: मोदी बोले- आरक्षण के नाम पर कांग्रेस ने मुसलमानों को ठगा, अब पटेलों से किया झूठा वादा
नई दिल्ली। गुजरात में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रचार में जुटे पार्टी के स्टार प्रचारक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पाटीदार समुदाय को आरक्षण देने के कांग्रेस के वादे को छलावा बताया। महिसागर जिले के लुनावाड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश के सभी राज्यों में मुस्लिमों को आरक्षण देने की बात कही। मोदी ने कहा कि मैं अपने मुस्लिम दोस्तों से पूछना चाहता हूं कि क्या उन्होंने आपको देश में कहीं भी आरक्षण दिया? क्या यह वादा झूठा साबित नहीं हुआ?

मुसलमानों की तरह पटेलों को भी छलेंगी कांग्रेस: मोदी
मोदी ने कहा कि पटेलों को भी कांग्रेस सिर्फ झूठा आश्वासन दे रही है। मोदी ने कहा कि पटेलों को रिजर्वेशन देने के लिए या तो अनुसूचित जाति-जनजाति या फिर ओबीसी श्रेणी के हिस्से का आरक्षण छीनना होगा। कांग्रेस को बताना चाहिए कि कांग्रेस किससे आरक्षण छीनेगी या फिर वो सिर्फ झूठा वादा कर रहे हैं। मोदी ने कहा, अब उन्होंने गुजरात में एक और समुदाय से आरक्षण का वादा किया है लेकिन वे आरक्षण देंगे कैसे, क्या वे इसे ओबीसी से छीनेंगे, आदिवासियों से छीनेंगे या फिर अनुसूचित जाति से छीनेंगे?

हार्दिक पटेल ने दिया है कांग्रेस को समर्थन
गुजरात में हार्दिक पटेल के नेतृत्व में पाटीदार समुदाय आरक्षण को लेकर आंदोलन कर रहा है। गुजरात विधानसभा चुनाव ससे पहले मुलाकातों के लंबे दौर के बाद हार्दिक पटेल ने पाटीदार अनामत आंदोलन समिति का समर्थन कांग्रेस को दिया है। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने उनके समुदाय को 'विशेष श्रेणी' में आरक्षण देने की मांग स्वीकार कर ली है।

मोदी कर रहे हैं कांग्रेस पर जमकर हमले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में कांग्रेस को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। शुक्रवार को गुजरात चुनाव के दौरान मोदी ने एक बार फिर कांग्रेस से निष्कासित नेता के उन्हें नीच कहे जाने के मु्द्दे को उठाया। नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके लिए तो कांग्रेस ने लगातार ही इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है। निकोल में जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि गांधी परिवार ने उनके लिए खराब शब्दों का इस्तेमाल किया। मोदी ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने उन्हें रावण कहा, प्रमोद तिवारी ने हिटलर, मुसोलिनी और गद्दाफी कहा, जय राम रमेश ने मुझे बंदर कहा, बेनीप्रसाद वर्मा ने पागल कुत्ता कहा, गुलाम नबी आजाद ने गंगू तेली कहा, इमरान मसूद ने पीस में काटने की बात कही तो रेणुका चौधरी ने वायरस कहा।












Click it and Unblock the Notifications