गुजरात चुनाव: पहले चरण के मतदान से पहले 900 अधिकारियों का तबादला
गुजरात चुनाव: पहले चरण के मतदान से पहले 900 अधिकारियों का तबादला
नई दिल्ली। गुरुवार शाम को गुजरात चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार थमने के बाद चुनाव आयोग ने जानकारी दी है कि सूबे में 900 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। चुनाव आयोग ने कहा है कि निष्पक्ष चुनाव के लिए ये तबादले किए गए हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीबी स्वेन ने कहा है कि 900 अधिकारियों का तबादला किया गया है, जो किसी भी राज्य में सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य में इतनी बड़ी संख्या में किसी चुनाव से पहले तबादले नहीं हुए हैं।

बीबी स्वेन ने हालांकि इस दौरान कांग्रेस के चुनाव आयोग पर आरोपों को लेकर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। कांग्रेस ने इससे पहले कुछ अधिकारियों की भाजपा से नजदीकी की बात कहते हुए उन्हें पोलिंग ड्यूटी से दूर रखने को कहा था। कांग्रेस ने फेक काउंटर मामले में आरोपों का सामना करने वाले आईपीएस अधिकारी राजकुमर पंडियन और अभय चुदस्मा, और आईएएस अफसर महेंद्र पटेल को चुनाव में ड्यूटी ना देने की बात कही थी। महेंद्र पटेल के बारे में बताया जा रहा है कि वो भाजपा से टिकट मांग रहे थे। बीबी स्वेन से जब संवेदनशील पोलिंग बूथ की लिस्ट पर सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर भी कोई जवाब नहीं दिया।
गुजरात के 19 जिलों में चुनाव के पहले चरण के तहत 9 दिसंबर को मतदान होगा। बाकी 14 जिलों में 14 दिसंबर को मतदान होगा। गुजरात चुनाव के नतीजे 18 दिसंबर को जारी किये जाएंगे। गुजरात में 4.3 करोड़ मतदाता है जो 182 सीटों पर प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला करेंगे। कुल 50 हजार 128 पोलिंग बूथों पर मतदान संपन्न कराया जाएगा। चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के लिए अधिकतम खर्च सीमा 28 लाख रुपये तय की गई है।












Click it and Unblock the Notifications