कांग्रेसियों की बदजुबानी ने मोदी को थमाया चुनावी अस्त्र, किसने क्या-क्या कहा?
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर मणिशंकर अय्यर ने 'नीच आदमी' वाली टिप्पणी क्या की, इस मामले में सियासी हंगामा मच गया। खुद प्रधानमंत्री मोदी ही नहीं बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने मणिशंकर अय्यर के साथ-साथ कांग्रेस पर भी हमला बोल दिया। हालात की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने तुरंत ही मणिशंकर अय्यर को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया। बावजूद इसके मणिशंकर अय्यर के 'नीच आदमी' वाले बयान पर बवाल जारी है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर से इस टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि ये कोई पहली बार नहीं है जब कांग्रेसी नेताओं ने उन पर ऐसी टिप्पणियां की हैं। गुजरात के निकोल में शुक्रवार को चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने मुझे नीच ही नहीं हिटलर, गद्दाफी, राक्षस, रावण, वायरस और बंदर भी कहा है। पढ़िए, कांग्रेस नेताओं ने मोदी को लेकर ऐसी टिप्पणियां कब की हैं...

पीएम मोदी ने कांग्रेसी नेताओंं पर लगाए आरोप
पूरे विवाद की शुरूआत उस समय हुई जब गुरुवार को कांग्रेस के निलंबित नेता मणिशंकर अय्यर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए उन्हें 'नीच आदमी' कहा। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली स्थित इंटरनेशनल बाबा साहेब अंबेडकर सेंटर का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर इशारों में जमकर निशाना साधा और कहा था कांग्रेस ने एक परिवार को बढ़ाने के लिए बाबा साहेब के योगदान को दबाया।

मणिशंकर अय्यर ने मोदी को कहा 'नीच आदमी'
पीएम मोदी के बयान पर कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने नाराजगी जताई और उन्होंने पीएम मोदी 'नीच आदमी' और 'असभ्य' तक कह दिया। ये कोई पहला मामला नहीं है जब मणिशंकर अय्यर ने मोदी को लेकर ऐसी टिप्पणी की है। इससे पहले 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने मोदी को 'चायवाला' भी कहा था।

दिग्विजय सिंह ने मोदी को कहा था राक्षस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्विजय सिंह के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने मोदी सरकार को राक्षस राज की तरह और मोदी को रावण की तरह बताया था। बता दें कि दिग्विजय सिंह का पीएम मोदी को लेकर इस तरह का बयान मार्च 2017 में आया था जब यूपी में बीजेपी की रिकॉर्ड ऐतिहासिक जीत हुई। इसी दौरान एक टीवी चैनल को दिए एक इंटरव्यू में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा था कि अगर रावण ने अपने दूसरे मजबूत राक्षसों के साथ गठबंधन करके राम के खिलाफ युद्ध लड़ा होता तो रावण, राम को आसानी से हरा सकता था।

प्रमोद तिवारी ने मोदी को हिटलर कहा था
पीएम मोदी ने कहा कि प्रमोद तिवारी जब यूपी में कांग्रेस के अध्यक्ष थे उस समय उन्होंने कहा कि मोदी, हिटलर, मुर्सलोनी और गद्दाफी की लिस्ट में हैं। प्रमोद तिवारी का ये बयान नवंबर 2016 में आया था जब नोटबंदी के प्रति विरोध जताने के दौरान कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना दुनिया के तानाशाह शासकों गद्दाफी, मुसोलिनी और हिटलर से कर दी थी।

आनंद शर्मा ने मोदी को कहा था पागल
कांग्रेस के नेता आनंद शर्मा ने 28 नवंबर 2017 को प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए उनकी बयानबाजी के लिए उनकी आलोचना की। इस दौरान आनंद शर्मा ने उन्हें अस्वस्थ मानसिकता से ग्रस्त बताया था। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री को अपने पद की गरिमा का ख्याल नहीं है और वह अब भी विपक्ष के खिलाफ ही बयानबाजी करते रहते हैं।

जयराम रमेश ने बताया था भस्मासुर
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी को भस्मासुर कहा था। जून 2013 में जयराम रमेश की ये टिप्पणी सामने आई थी। जयराम रमेश ने कहा था कि मोदी ने अपने सीनियर नेता और मार्गदर्शक लालकृष्ण आडवाणी को भस्मासुर बनकर 'भस्म' कर दिया। कांग्रेस के रणनीतिकार माने जाने वाले रमेश ने कहा, 'मोदी भस्मासुर हैं। वह उन लोगों को भस्म कर देंगे, जिन्होंने उन्हें बनाया और यहां तक पहुंचाया। वह तो अपने मार्गदर्शक आडवाणी को ही भस्म कर गए।

बेनी प्रसाद वर्मा ने मोदी को कहा था पागल कुत्ता
नरेंद्र मोदी को लेकर जुलाई 2013 में बेनी प्रसाद वर्मा ने एक विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने मिर्जापुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि सरदार पटेल और कांग्रेस एक सिक्के के दो पहलू हैं। ऐसे में मोदी की उनकी प्रतिमा बनाने की घोषणा राजनीतिक नाटक नहीं है तो और क्या है। ऐसे पागल कुत्ते (मोदी) से भारत माता की प्रतिमा को कलंकित नहीं होने देंगे।

गुलाम नबी आजाद ने मोदी को कहा था गंगू तेली
17 अगस्त, 2013 को कांग्रेसी नेता तत्कालीन केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद ने नरेंद्र मोदी को गंगू तेली बताया था। गुलाम नबी आजाद ने कहा था कि कहां राजा भोज और कहां गंगू तेली।

रेणुका चौधरी ने मोदी को बताया था वायरस
कांग्रेसी नेता रेणुका चौधरी ने भी नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने 7 जून, 2013 को नरेंद्र मोदी को न्यूमोनिया की तरह का वायरस बताया था। इतना ही नहीं रेणुका चौधरी ने उसे नमोनिटिस नाम दिया था।












Click it and Unblock the Notifications