भाजपा विधायक ने चुनाव आयोग का खुलेआम उड़ाया मखौल, मिला नोटिस
वड़ोदरा। गुजरात से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ने जिस तरह का बयान दिया है, उसके चलते एक बार फिर से वह चर्चा में हैं। भाजपा विधायक भूषण भट्ट ने कहा कि मैं चुनाव आयोग की आचार संहिता की बिल्कुल परवाह नहीं करता, मुझे इसकी कोई चिंता नहीं है। भाजपा विधायक के इस बयान के बाद चुनाव आयोग हरकत में आ गया है। गुजरात में दूसरे चरण का मतदान 14 दिसंबर को होना है, पहले चरण का मतदान 9 दिसंबर को हो चुका है। प्रदेश में दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार थम चुका है।

बड़ी संख्या में आने का आह्वाहन
भूषण भट्ट के इस बयान के बाद चुनाव आयोग ने उनके खिलाफ नोटिस जारी कर दिया है। विधायक का एक वीडियो सामने आया है जिसमे उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वह चुनाव आयोग की आचार संहिता की परवाह नहीं करते। इस वीडियो में वह कुछ लोगों को संबोधित कर रहे हैं, इसमे वह कार्यकर्ताओं से कहते हैं कि पीएम के साबरमती रिवर फ्रंट कार्यक्रम में भारी संख्या में भीड़ जुटनी चाहिए। यह कार्यक्रम में मंगलवार को साबरमती रिवर फ्रंट पर आयोजित किया गया था, जिसमें पीएम मोदी ने सी प्लेन से यहां का दौरा किया था। पीएम ने रिवर फ्रंट से अपना अभियान शुरू किया और यहां से वह धरोई डैम गए थे।

डीजल-पेट्रोल का खर्च हम देंगे
भाजपा विधायक का जो वीडियो सामने आया है उसमे वह कह रहे हैं कि वह चुनाव आयोग की परवाह नहीं करते हैं, वह लोगों से कहते हैं कि वह कार, बाईक से प्रधानंत्री मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अहमदाबाद के साबरमती रिवर फ्रंट पहुंचे। वह यह भी कहते हैं कि कार्यकर्ताओं के पेट्रोल व डीजल के खर्च का हम भुगतान करेंगे। इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने भट्ट को नोटिस जारी कर दिया है। भट्ट अहमदाबाद के जमालपुर खाड़िया से भाजपा विधायक है।

18 को आएगा नतीजा
जमालपुर खाड़िया सहित पूरे अहमदाबाद पर भाजपा की अच्छी पकड़ है और इसे भाजपा का गढ़ माना जाता है। गुजरात में कल यानि 14 दिसंबर को मतदान होगा, इसमे अहमदाबाद भी शामिल है। गुजरात में कुल 182 विधानसभा सीटें हैं, जिसमे से 89 सीटों पर मतदान पहले चरण में हो चुका है। चुनाव के नतीजे सोमवार 18 दिसंबर को घोषित होंगे, जिसमे भाजपा और कांग्रेस के भविष्य का फैसला होगा।
इसे भी पढ़ें- मोदी की सी-प्लेन यात्रा पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल












Click it and Unblock the Notifications