गुजरात में भी बैन हुई 'पद्मावती', विजय रूपानी ने कहा- पहले ये बदलाव करो
यूपी, एमपी, पंजाब और राजस्थान में भी फिल्म को हरी झंडी नहीं मिली है।
नई दिल्ली। संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के बाद अब गुजरात में भी फिल्म पद्मावती पर बैन लग गया है। गुजरात के सीएम विजय रुपानी ने कहा है कि गुजरात में पद्मावती फिल्म रिलीज नहीं होगी। गुजरात में राजपूतों की संख्या पांच फीसदी है। विजय रुपानी ने कहा कि फिल्म पद्मावती से जब तक आपत्तिजनक सीन नहीं हटो जाएंगे, तब तक फिल्म का प्रदर्शन नहीं हो सकता। खबरों के मुताबिक सीएम विजय रुपाणी ने इस फैसले से पहले गुजरात के राजपूतों से चर्चा की थी।

सूरत में विभिन्न समुदायों ने किया था प्रदर्शन
संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती को अभी सेंसर ने कोई सर्टिफिकेट नहीं दिया है। फिल्म पद्मावती के विरोध में सूरत में विभिन्न समुदायों के करीब 55 हजार लोगों ने फिल्म के विरोध में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया था। आपको बता दें राजस्थान में भी फिल्म पद्मावती जरूरी बदलाव किये बगैर उसे प्रदेश में रिलीज करने की अनुमति नहीं दी है। राजस्थान की सीएम ने 18 नवंबर को केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी को पत्र लिखा था। जिसमें सुझावों पर अमल नहीं किया जाता है, तब तक राजस्थान में फिल्म पद्मावती के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

यूपी में भी नहीं मिली हरी झंडी
इससे पहले यूपी, एमपी, पंजाब और राजस्थान में भी फिल्म को हरी झंडी नहीं मिली है। यूपी सरकार ने केंद्रीय सूचना प्रसारण सचिव को लिखे खत में फिल्म को शांति के लिए खतरा बताया था। डेप्युटी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि जब तक फिल्म की स्क्रिप्ट में बदलाव नहीं होता है, इसे यूपी में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा।

करणी सेना ने खोला मोर्चा
फिल्म पद्मावती पहले 1 दिसंबर को रिलीज होनी थी, जिसे फिलहाल निर्माता ने टाल दिया है। संजय लीला भंसाली ने दर्शकों से अपील की है कि वे पहले फिल्म देख लें, उसके बाद ही निर्णय लें कि उसमें कुछ गलत है या नहीं। राजस्थान में राजपूत समाज के संगठन करणी सेना ने फिल्म के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।












Click it and Unblock the Notifications