गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई: अल-कायदा से जुड़े 4 आतंकियों का मॉड्यूल ध्वस्त, जानें नाम और पूरी कुंडली
Gujarat ATS Four Terrorists Arrested: गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने आतंकवाद के खिलाफ एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़े एक खतरनाक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए संदिग्ध चार आतंकियों को धर-दबोचा गया है।
यह गिरफ्तारियां उत्तर प्रदेश, दिल्ली और गुजरात से हुईं हैं। आपको बता दें कि, जून, 2023 में पोरबंदर से अरेस्ट हुए संदिग्ध आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ खुरासन प्रांत (आईएसकेपी) से जुड़े हुए थे। गौर करने वाली बात यह है कि 15 अगस्त के करीब आते ही, एक के बाद एक आतंकी गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। हालांकि, देश की खुफिया एजेंसिया और पुलिस संदिग्धों के मनसूबों को फेल करने में जुट गई है। यह कार्रवाई आतंकी गतिविधियों पर नकेल कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

चार आतंकी गिरफ्तार, सोशल मीडिया से फैलाते थे जहर
गुजरात ATS ने 23 जुलाई 2025 को अहमदाबाद में एक सटीक ऑपरेशन के तहत चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया। ATS के अनुसार, ये सभी AQIS के सक्रिय सदस्य थे और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ कुछ संदिग्ध ऐप्स के जरिए अल-कायदा की कट्टरपंथी विचारधारा को फैलाने और नए लोगों को भर्ती करने में जुटे थे। ATS डीआईजी सुनील जोशी ने बताया कि इनसे गहन पूछताछ शुरू हो चुकी है। जल्द ही एक विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की पूरी जानकारी साझा की जाएगी।
List of Terrorists : कौन-कौन आतंकी अरेस्ट?
- मोहम्मद फैक पुत्र मोहम्मद रिजवान, निवासी फरासखाना, दिल्ली
- मोहम्मद फरदीन पुत्र मोहम्मद रईस, निवासी फतेहवाड़ी, अहमदाबाद
- सेफुल्ला कुरेशी पुत्र महम्मद रफीक, निवासी भोई वाडा, मोडासा
- जीशान अली पुत्र आसिफ अली, निवासी सेक्टर 63, नोएडा
नकली करेंसी से जुड़े मामलों में भी संलिप्त
एटीएस अधिकारियों के मुताबिक, ये सभी आतंकी भारतीय नकली करेंसी से जुड़े मामलों में भी संलिप्त थे। अल-कायदा से जुड़ने के बाद इनकी सोच बेहद कट्टरपंथी हो गई थी। बताया जा रहा है कि ये व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए एक्टिव थे और दूसरों को भी अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे थे। एटीएस इन पर लंबे समय से नजर रख रही थी और पुख्ता सबूत जुटाने के बाद इन चारों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से तीन को यूपी और दिल्ली से पकड़ा गया, जबकि एक आतंकी को गुजरात के अरवल्ली जिले से दबोचा गया है।
दिल्ली पुलिस की भी बड़ी कामयाबी
इसी बीच, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मध्य प्रदेश के इंदौर से बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक वांछित आतंकी, आकाश दीप उर्फ बाज, को गिरफ्तार कर एक और सनसनीखेज कामयाबी हासिल की है। आकाश दीप पर 7 अप्रैल 2025 को पंजाब के बटाला में किला लाल सिंह थाने पर हुए ग्रेनेड हमले में शामिल होने का आरोप है। इस हमले की जिम्मेदारी BKI ने सोशल मीडिया पर ली थी। दिल्ली पुलिस अब आकाश दीप से पूछताछ कर इस मॉड्यूल के अन्य सदस्यों और उनके नापाक मंसूबों का पता लगाने में जुटी है।
आतंक के खिलाफ कड़ा रुख
गुजरात ATS और दिल्ली पुलिस की इन कार्रवाइयों से साफ है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। AQIS और BKI जैसे संगठनों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाइयां आतंकियों के लिए सख्त संदेश हैं। गुजरात ATS की यह कार्रवाई पिछले कुछ वर्षों में अल-कायदा और अन्य आतंकी संगठनों के खिलाफ उनकी कई सफल कार्रवाइयों की कड़ी में एक और उपलब्धि है। जांच एजेंसियां अब इन गिरफ्तारियों के जरिए आतंकी नेटवर्क के अन्य लिंक्स और फंडिंग चैनल्स को उजागर करने में जुटी हैं।
What Is AQIS: क्या है AQIS?
अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) अल-कायदा की दक्षिण एशियाई शाखा है, जो भारत और पड़ोसी देशों में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रचती है। यह संगठन सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड ऐप्स का इस्तेमाल कर युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और आतंकी हमलों की योजना बनाने के लिए कुख्यात है। गुजरात ATS ने पहले भी AQIS से जुड़े मॉड्यूल्स का भंडाफोड़ किया है, जिसमें 2023 में चार बांग्लादेशी नागरिकों की गिरफ्तारी शामिल है।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तानी सेना की साजिश से हुआ पहलगाम आतंकी हमला, 26/11 जैसी थी प्लानिंग: रिपोर्ट में बड़ा खुलासा












Click it and Unblock the Notifications