गुजरात चुनाव: शत्रुघ्न सिन्हा ने की बड़ी भविष्यवाणी, कहा- 'केजरीवाल ने चल दिया है बड़ा दांव, बनेंगे किंग'
गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द किया जाएगा। इससे पहले राजनीतिक पार्टियां जमकर प्रचार कर रही हैं। गुजरात का किला फतह किया जा सके, इसको लेकर एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपने किले को बचाने की कोशिश में लगी है। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) दिल्ली, पंजाब के बाद गुजरात में राजनीतिक जमीन की तलाश कर रही है। यही वजह है कि केजरीवाल ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। हालांकि, गुजरात में सत्ता का ताज किसके सिर सजेगा ये तो रिजल्ट के बाद ही पता चलेगा। लेकिन उससे पहले टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बड़ा दावा किया है।

टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने आज कहा कि आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल या तो गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में "किंगमेकर बनेंगे या फिर खुद किंग" के रूप में उभरेंगे। भाजपा हर बार हिंदुत्व या राम मंदिर के मुद्दे को नहीं भुना पाएगी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने नोटों पर देवी लक्ष्मी और भगवान गणेश की तस्वीरों की मांग करके बड़ा मास्टरस्ट्रोक खेल दिया है। आपको बता दें कि केजरीवाल ने पिछले सप्ताह ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नोटों पर लक्ष्मी या गणेश की फोटो लगाए जाने की मांग की थी।
भाजपा को उसी शब्दों में केजरीवाल ने दिया है जवाब
टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि केजरीवाल ने भाजपा को उसी के हिसाब से जवाब दिया है। क्योंकि भाजपा ऐसा व्यवहार करती थी जैसे वे 'राजनीति में हिंदुत्व स्कूल' के स्वामी हों, लेकिन केजरीवाल अब उस स्कूल के प्रिसिंपल बन चुके हैं। नोटों पर लक्ष्मी-गणेश की फोटो की मांग को भाजपा न तो निगल सकती है और न ही त्याग सकती है।
सिन्हा बोले ममता बनर्जी 2024 चुनाव में साबित होंगी गेमचेंजर
सिन्हा ने 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गेम चेंजर साबित होंगी। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव से पहले टीएमसी और कांग्रेस के बीच संबंध भी सुधरेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में अंतिम शब्द कुछ नहीं है। अगर आज कांग्रेस और टीएमसी के बीच संबंध नहीं ठीक हैं तो क्या हुआ? कल को दोनों ही पार्टियों के बीच संबंध सुधर भी सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष की सभी पार्टियां एक साथ आती हैं तो 2024 लोकसभा चुनाव का परिदृश्य पूरी तरह बदल जाएगा।
विपक्ष के प्रधानमंत्री के चेहरे पर दिया ये जवाब
सिन्हा से जब पूछा गया कि अगला (प्रधानमंत्री) कौन होगा? यह सवाल हर चुनाव में आता है। इस पर सिन्हा ने कहा कि एक बार जब आप राजनीतिक रूप से शीर्ष पर पहुंच जाते हैं यानि कि चुनाव जीत जाते हैं तो यह संख्या और जनादेश के आधार पर तय किया जाता है। उन्होंने कहा कि देश कभी नहीं रुकता, सरकारें बदलती रहती हैं और नया नेतृत्व सामने आता है। सिन्हा ने जोर देकर कहा कि राज्यों में भाजपा विरोधी अभियान ने जोर पकड़ लिया है। चाहे वह बिहार हो, पश्चिम बंगाल हो, तमिलनाडु हो या फिर कर्नाटक हो सभी जगहों पर भाजपा के खिलाफ लोग त्रस्त हैं।
आसनसोल में खुद लापता होने वाले पोस्टर पर भी दिया जवाब
आसनसोल से सांसद सिन्हा ने पिछले सप्ताह खुद के लापता होने वाले पोस्टर पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में हार को नहीं पचा पाने वाले इसके पीछे हैं। मैं दुर्गा पूजा के दौरान अपने निर्वाचन क्षेत्र में था और पिछले सप्ताह तक यहां था। मैं यहां आसनसोल में छठ बिता रहा हूं। मैं नियमित रूप से आसनसोल का दौरा करता रहता हूं। ऐसे में इसका जवाब मेरा निर्वाचन क्षेत्र खुद ही देगा।
ये भी पढ़ें- केजरीवाल सरकार जारी रखेगी 'दिल्ली की योगशाला', डीपीएसआरयू बोर्ड बैठक में फैसला












Click it and Unblock the Notifications