मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट को हथियार बनाकर राहुल गांधी ने किया बीजेपी पर तीखा वार
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला है, उन्होंने टाटा की नैनो कार के उत्पादन को लेकर मोदी सरकार को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लोकप्रिय प्रोजेक्ट मेक इन इंडिया प्रोजेक्ट का अंत हो गया, गुजरात के कर दाताओं का 33000 करोड़ रुपए राख हो गया, आखिर इसके लिए कौन जिम्मेदार है। राहुल गांधी ने नैनो कार के प्लांट के बंद होने की मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा है।

बंद होने की कगार पर नैनो प्लांट
बिजनेस स्टैंडर्ड की खबर का राहुल गांधी ने हवाला देते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि टाटा मोटर्स जोकि देश की सबसे सस्ती कार देने का दावा करती है अब उसका मासिक उत्पादन सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। अब सिर्फ दो कार का प्रतिदिन उत्पादन होता है। देश के तमाम हिस्सों में टाटा मोटर्स कंपनी के डीलर्स ने इस कार की मांग तकरीबन बंद कर दी है, अब ये डीलर पिछले 3-4 महीनों में टाटा की टियागो, टिगोर, हेक्सा और नेक्सान की कारों की ही मांग कर रही हैं।

जनता का 33000 करोड़ राख
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात की जनता का 33000 करोड़ रुपए सानंद प्रोजेक्ट में लगाया गया, जोकि अब राख हो गया है, आखिरकार इसका जिम्मेदार कौन है। आपको बता दें कि राहुल गांधी गुजरात में लगातार ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं और हर रैली में पीएम मोदी और भाजपा पर हमला बोल रहे हैं। उन्होंने गुजरात में विकास के मॉडल को कटघरे में खड़ा किया है। राहुल गांधी ने हाल ही में एक रैली के दौरान कहा था कि गुजरात में विकास पागल हो गया है।

पीएम ने किया पलटवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के दौरे पर है और चार रैलियों को संबोधित करेंगे, पहली रैली जोकि भुज में हुई वहां पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आप हमपर जितने कीचड़ उछालेंगे उतना ही कमल खिलने में आसानी होगी। कांग्रेस पर वंशवाद का आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ विकास की बात हो रही है तो दूसरी तरफ वंशवाद की, लेकिन गुजरात की जनता जानती है कि हमने गुजरात को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है।
इसे भी पढ़ें- Gujarat election 2017: गुजरात में कांग्रेस को मंदिरों का सहारा तो BJP जादूगरों के भरोसे












Click it and Unblock the Notifications