धमाकेदार रही वित्त वर्ष की शुरुआत! GST कलेक्शन ने अप्रैल 2025 में तोड़े रिकॉर्ड्स, पिछले साल से 12.6% वृद्धि
GST Collection: देश में नए वित्त वर्ष की शुरुआत धमाकेदार रही है। अप्रैल 2025 में जीएसटी कलेक्शन ने अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा छू लिया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस महीने कुल जीएसटी कलेक्शन 2.37 लाख करोड़ रुपये रहा, जो कि पिछले साल अप्रैल की तुलना में 12.6% ज्यादा है। यह अब तक का सबसे बड़ा मासिक कलेक्शन है।
इससे पहले अप्रैल 2024 में 2.10 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बना था, जिसे इस बार पार कर लिया गया है। वहीं, मार्च 2025 में जीएसटी कलेक्शन 1.96 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह अप्रैल में कलेक्शन में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है।

घरेलू और आयात से हुई बढ़त
सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक, घरेलू लेनदेन से जीएसटी रेवेन्यू में 10.7% की बढ़ोतरी हुई है, जिससे लगभग 1.9 लाख करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ है। वहीं, आयातित वस्तुओं से राजस्व में 20.8% की बढ़त दर्ज की गई है, जिससे सरकार को 46,913 करोड़ रुपये मिले हैं।
ये भी पढ़ें: UP Vehicle Tax 2025: अब गाड़ी लेना नहीं आसान, यूपी में वन टाइम टैक्स बढ़ा, जानिए कौन-सी गाड़ी पर कितना लगेगा
कब और क्यों लागू हुआ था GST?
GST यानी वस्तु एवं सेवा कर को 1 जुलाई 2017 को पूरे देश में लागू किया गया था। यह एक अप्रत्यक्ष कर है जो वस्तुओं और सेवाओं की बिक्री, निर्माण और खपत पर लगाया जाता है। इससे पहले देश में कई अलग-अलग टैक्स चलते थे, जिन्हें मिलाकर एकसमान कर प्रणाली बनाने के लिए जीएसटी लाया गया।
भारत में GST के चार प्रमुख प्रकार हैं -
- CGST (केंद्रीय जीएसटी)
- SGST (राज्य जीएसटी)
- UTGST (केंद्र शासित प्रदेश जीएसटी)
- IGST (एक राज्य से दूसरे राज्य में वस्तु भेजने पर लगने वाला जीएसटी)
इसके अलावा, कुछ खास वस्तुओं या सेवाओं पर उपकर (Cess) भी लगाया जाता है।
चार टैक्स स्लैब में बंटा है GST
भारत में GST दरें चार कैटेगरी में बांटी गई हैं - 5%, 12%, 18% और 28%। GST परिषद समय-समय पर जरूरत के हिसाब से इन दरों में बदलाव करता रहता है। अप्रैल के आंकड़े बताते हैं कि देश की आर्थिक सेहत बेहतर हो रही है और सरकार की कमाई में मजबूती आ रही है। यह भविष्य के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Income Tax scam: आयकर की गलती या साजिश? ट्रक ड्राइवर को 3.65 करोड़ और किसान को 30 करोड़ का नोटिस












Click it and Unblock the Notifications