जम्मू कश्मीर: श्रीनगर ग्रेनेड हमले में 16 साल का लड़का जख्मी, CRPF जवानों को निशाना बनाने की कोशिश
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में एक ग्रेनेड हमला हुआ है। हमला श्रीनगर के कावडार इलाके में हुआ है और आतंकियों ने सीआरपीएफ बंकर को निशाना बनाने की कोशिश की है। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने कावडारा में तैनात सीआरपीएफ जवानों पर ग्रेनेड फेंका था। ग्रेनेड पास में एक ट्रांसफॉर्मर के पास जाकर ब्लास्ट हो गया। इस हमले में एक 16 साल के लड़के के गंभीर रूप से घायल होने की खबरें आ रही हैं।

सुबह ही गिरफ्तार हुआ लश्कर का आतंकी
पुलिस की ओर से बताया गया है कि श्रीनगर में हुए ग्रेनेड हमले में एक 16 साल का लड़का जख्मी हो गया है। उसे अस्पताल ले जाया गया है। सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और संदिग्धों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लॉन्च कर दिया गया है। ग्रेनेड फेंके जाने की घटना से कुछ घंटे पहले ही सुरक्षाबलों ने श्रीनगर से लश्कर-ए-तैयबा के वॉन्टेड आतंकी निसार अहमद डार को गिरफ्तार किया है। सुरक्षाबलों को तड़के इस आतंकी के ठिकाने के बारे में जानकारी मिली थी। डार को जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने गिरफ्तार किया है। डार, शहर के श्री महाराजा हरि सिंह हॉस्पिटल में छुपा हुआ था। नवंबर 2019 को वह कुलान गांदरबाल में हुए एक एनकाउंटर में सुरक्षित बच निकला था। बताया जा रहा है कि वह सुरक्षाबलों पर बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा था।












Click it and Unblock the Notifications