भारत में कोरोना से अबतक 2 % आबादी हुई प्रभावित, 98 फीसदी पर अभी भी खतरा
नई दिल्ली, मई 18: देश में कोरोना महामारी तेजी से अपने पैर पसार रही है। इसी बीच सरकार ने आज कहा कि भारत में कुल आबादी का 2 प्रतिशत से भी कम अब तक कोरोना वायरस से प्रभावित हुई है और 98 प्रतिशत आबादी अभी भी अतिसंवेदनशील या संक्रमण की चपेट में आ सकती है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा, अभी तक सामने आए संक्रमण की इतनी अधिक संख्या के बावजूद हम दो फीसदी से कम आबादी तक इसे सीमित रखने में सफल हुए हैं।

सरकार ने कहा कि भारत की कुल आबादी का 1.8 फीसदी ही कोविड-19 से प्रभावित हुआ है और 98 फीसदी आबादी अब भी संक्रमण की चपेट में आ सकती है। सरकार ने कहा कि पिछले 15 दिनों में उपचाराधीन मामलों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। इसने कहा कि तीन मई को संक्रमण की दर 17.13 फीसदी थी जो अब घटकर 13.3 फीसदी रह गई है।
इसने बताया कि आठ राज्यों में कोविड-19 के एक लाख से अधिक मामले हैं और 22 राज्यों में संक्रमण की दर 15 फीसदी से अधिक है। सरकार ने कहा कि महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कोविड-19 के मामलों में कमी आई है और संक्रमण दर भी कम हुई है। इसने बताया कि 199 जिलों में कोविड-19 के मामलों और संक्रमण दर में पिछले दो हफ्ते में कमी आई है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका में अभी तक 10.1 फीसदी आबादी संक्रमित हुई है, ब्राजील में 7.3 फीसदी, फ्रांस में नौ फीसदी और इटली में 7.4 फीसदी आबादी कोरोना वायरस से संक्रमित हुई है।












Click it and Unblock the Notifications