Coronavirus: TikTok और Facebook को सरकार का आदेश, तुरंत हटाएं अफवाह फैलाने वाले मैसेज
नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने फेसबुक और टिकटॉक को ऐसे पोस्ट हटाने का निर्देश दिया है जो गलत जानकारी फैला रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार ने ये फैसला दिल्ली स्थित डिजिटल ऐनालिटिक्स फर्म Voyager Infosec की एक रिपोर्ट के बाद लिया है।

इस रिपोर्ट ने कोरोना को लेकर अफवाहों के जरिए मुस्लिमों को टारगेट करने वाले वीडियोज के एक खास पैटर्न की तरफ इशारा किया था और इनमें से कुछ वीडियोज में कोरोना को लेकर जारी किए गए निर्देशों का पालन ना करने के पीछे धार्मिक कारणों को गिनाया गया था। जिसके बाद मंत्रालय ने टिकटॉक और फेसबुक से ऐसी जानकारी फैलाने वाले पोस्ट को हटाने का निर्देश दिया है।
इसके अलावा मंत्रालय ने अफवाह फैलाने वाले यूजर्स की जानकारी जुटाने को कहा है जो सरकार को सौंपी जा सकती है। टिकटॉक और फेसबुक को मंत्रालय द्वारा लिखे पत्र में कहा गया है, 'आपको सुनिश्चित करना होगा कि ऐसे वीडियोज वायरल ना हों, इससे कोरोना को हराने की सरकार की कोशिशें कमजोर पड़ती हैं। इसके जवाब में टिकटॉक और फेसबुक ने अपने बयान में कहा, 'फेक न्यूज और अफवाह के खिलाफ लड़ाई में हम सरकार का पूरा सहयोग कर रहे हैं।'
कोरोना वायरस का कहर पूरी दुनिया झेल रही है। दुनियाभर में इस वायरस के कारण 88 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। जबकि इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 15 लाख से अधिक हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में 5734 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है और इस वायरस के कारण 166 लोगों की मौत हुई है। कोरोना वायरस को देखते हुए इस समय देश में 21 दिनों तक लॉकडाउन है।












Click it and Unblock the Notifications