86वें जन्मदिन पर 'मदर इंडिया' नरगिस दत्त को गूगल डूडल ने किया सलाम
नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल ने हिंदी सिनेजगत की 'मदर इंडिया' दिवंगत अभिनेत्री नरगिस दत्त को उनकी 86वीं वर्षगांठ पर नमन किया। गूगल ने होमपेज डूडल पर उनकी फिल्म 'श्री 420' की छाप वाला चित्र बनाया। नरगिस का जन्म एक जून, 1929 को कोलकाता में हुआ था। उनका असली नाम फातिमा राशिद था।

भारतीय फिल्मोद्योग में उन्हें उनके फिल्मी दुनिया के नाम नरगिस से पहचान मिली। उन्होंने 1935 में 'तलाश-ए-हक' फिल्म से बतौर बाल कलाकार अभिनय करियर की शुरुआत की। सही मायनों में उनका फिल्मी करियर 'तमन्ना' (1942) फिल्म से शुरू हुआ। 1940-1960 के बीच उन्होंने कई बड़ी और सफल फिल्मों में काम किया।
उन्हें सबसे ज्यादा पहचान राज कपूर के साथ की फिल्मों से मिली। राज कपूर के साथ उनकी जोड़ी खासा मशहूर रही। 1957 में आई महबूब खान निर्देशित उनकी फिल्म 'मदर इंडिया' ने सफलता का नया इतिहास रचा। इसमें नरगिस ने एक मजबूर मां राधा के किरदार से खूब वाहवाही बटोरी। उन्हें इसके लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
यह फिल्म ऑस्कर के लिए भी नामित हुई, लेकिन अंतिम क्षणों में पुरस्कार से चूक गई। साल 1958 में उन्होंने अभिनेता सुनील दत्त से शादी कर ली। काबिल-ए-गौर है कि सुनील ने 'मदर इंडिया' में उनके बेटे की भूमिका निभाई थी। नरगिस को 1967 में फिल्म 'रात और दिन' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया।
नरगिस ने अपने फिल्मी करियर में राष्ट्रीय पुरस्कार सहित कई पुरस्कार जीते। उन्हें पद्मश्री से भी अलंकृत किया गया। नरगिस समाजिक कार्यो से भी जुड़ी रहीं। 1980 में राज्यसभा के लिए मनोनीत हुईं। संजय दत्त, नम्रता दत्त और प्रिया दत्त के रूप में उन्हें तीन बच्चे हैं।
नरगिस की कुछ खास फिल्में
यूं तो नरगिस ने कई फिल्मों में काम किया, लेकिन उनकी कुछ फिल्में आज भी लोगों को याद हैं। उन्होंने फिल्म 'अंदाज', 'श्री 420', 'बरसात', 'रात और दिन', 'काला बाजार', 'चोरी चोरी', 'आवारा', 'आग', 'खेल', 'जान पहचान', 'दीदार', 'आशियाना', 'धुन', 'पापी' सहित अन्य फिल्मों में काम किया था। बॉलीवुड में नरगिस और राजकपूर की जोड़ी बेहद मशहूर रही।
कैंसर से हुई थी मौत
पेंक्रियाटिक कैंसर से आखिरकार नरगिस हार गईं। उन्होंने 3 मई, 1981 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। इस बीमारी से उन्हें काफी तकलीफ हुई थी। संजय दत्त की डेब्यू फिल्म 'रॉकी' का प्रीमियर 7 मई, 1981 को था और उसके चार दिन पहले ही नरगिस दुनिया को अलविदा कह गई थीं। प्रीमियर के दौरान नरगिस को याद करते हुए एक कुर्सी उनके लिए खाली रखी गई थी। (IANS इनपुट के साथ)












Click it and Unblock the Notifications