कोविड वैक्सीन के मोर्चे पर अच्छी खबर, अमेरिकी कंपनी Pfizer ने भारत को दिया ये ऑफर
नई दिल्ली, 22 अप्रैल: अमेरिका स्थित दवा कंपनी फाइजर ने भारत में कोविड-19 वैक्सीन सप्लाई करने के लिए सरकार को 'नॉट-फॉर प्रॉफिट' का ऑफर दिया है। गुरुवार को कंपनी के एक प्रवक्ता ने ये जानकारी दी है। कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, 'भारत सरकार के टीकाकरण अभियान के लिए फाइजर ने अपनी वैक्सीन पर बिना मुनाफा कमाए ('नॉट-फॉर प्रॉफिट') कीमत का ऑफर दिया है। सरकार के साथ बातचीत जारी है और भारत के टीकाकरण अभियान में अपनी वैक्सीन उपलब्ध करवाने के लिए हम प्रतिबद्ध रहेंगे।' गौरतलब है कि कुछ रिपोर्ट में अमेरिकी वैक्सीन की कीमतों को लेकर आशंकाएं जताई गई थीं, जिसे फाइजर ने अपनी ओर से पूरी तरह से खारिज कर दिया है।

भारत से वैक्सीन पर मुनाफा नहीं लेने का वादा
कंपनी ने यह बयान भारत में अमेरिकी वैक्सीन की कीमतों को लेकर कुछ रिपोर्ट को खारिज करने के लिए जारी किया है। फाइजर ने अपने बयान में कहा है, 'हमने अमेरिकी वैक्सीन की भारत में कीमतों को लेकर कुछ प्रेस रिपोर्ट देखी हैं। जहां तक फाइजर का सवाल है, यह जानकारी पूरी तरह से गलत है।' कंपनी ने कहा है कि उसने उच्च, मध्य और निम्म और निम्न-मध्य आय वाले देशों के लिए अलग-अलग कीमत स्ट्रक्चर तय किया है और दुनियाभर में लोगों तक कोविड-19 की वैक्सीन न्यायोचित तरीके सेऔर सस्ती पहुंचे इसके लिए हम लगातार अपनी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। कंपनी का कहना है, 'दुनियाभर में महामारी की मौजूदा स्थिति के दौरान फाइजर ने तय किया है कि वह प्राथमिकता के तौर पर अपनी वैक्सीन खासकर के सिर्फ सरकारों को ही उनके टीकाकरण अभियान के लिए सप्लाई करेगी। भारत के लिए भी हमारा यही दृष्टिकोण रहेगा।'

मॉडर्ना, फाइजर और जॉनसन एंड जॉनसन की वैक्सीन की होगी एंट्री
गौरतलब है कि कोविड टीकाकरण अभियान को रफ्तार देने के लिए भारत सरकार ने पिछले हफ्ते ही विदेशों में विकसित मॉडर्ना, फाइजर और जॉनसन एंड जॉनसन जैसी कंपनियों की वैक्सीन के लिए देश में एंट्री का दरवाजा खोल दिया है। जानकारी के मुताबिक इन तीनों वैक्सीन को विकसित करने वाली अमेरिकी कंपनियां अब सरकार के साथ इसकी इमरजेंसी अप्रूवल के लिए बातचीत की प्रक्रिया में हैं। फाइजर कंपनी अमेरिकी सरकार से अपनी वैक्सीन की एक डोज के लिए 19.5 डॉलर (करीब 1,464 रुपये) ले रही है। हालांकि, यूरोपियन यूनियन में इस कंपनी ने हाल ही में अपनी वैक्सीन की कीमत 15.5 यूरो से बढ़ाकर 19.5 यूरो (23 डॉलर) प्रति डोज (2022-23 के ऑर्डर के लिए) कर दिया है।

फाइजर वैक्सीन 95 फीसदी प्रभावी
फाइजर की वैक्सीन जेनेटिक मटेरियल या एमआरएनए पर आधारित है। यह वैक्सीन सुरक्षित मानी जा रही है और दूसरी डोज के बाद इसे 95 फीसदी तक प्रभावी माना जा रहा है। इस वैक्सीन की दोनों डोज लेना जरूरी है और इन दोनों के बीच 21 दिनों का अंतर अच्छा माना जाता है। हालांकि, इसकी स्टोरेज के लिए विशेष व्यवस्था की जरूरत होती है,क्योंकि इसे रखने के लिए स्टोरेज का तापमान माइनस 70 डिग्री सेंटिग्रेड होना चाहिए। बता दें कि देश में अभी ऑक्सफॉर्ड में विकसित और सीरम इंस्टीच्यूट ऑफ इंडिया में निर्मित कोविशील्ड और भारत बायोटेक की स्वदेशी वैक्सीन कोवैक्सिन दी जा रही है। देश में गुरुवार तक दोनों कंपनियों की कुल 13 करोड़ 26 लाख 56 हजार से ज्यादा डोज लगाई जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications