IND vs PAK: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान की टक्कर कब? इतने बजे शुरू होगा मुकाबला, ऐसे देख सकेंगे LIVE
IND vs PAK, Women's T20 World Cup 2026: क्रिकेट जगत के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक भारत बनाम पाकिस्तान (IND vs PAK) विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 14 जून को एजबेस्टन के मैदान पर खेला जाएगा। दोनों ही टीमें इस हाई-प्रोफाइल मैच के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। बर्मिंघम के एजबेस्टन में बड़ी संख्या में दक्षिण एशियाई समुदाय (भारतीय और पाकिस्तानी मूल के लोग) रहते हैं, जिसे देखते हुए इस मैच को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है।
भारत-पाकिस्तान मैच का इंतजार करते हैं फैंस (IND vs PAK, Women's T20 World Cup 2026)
भले ही दोनों टीमों को उपमहाद्वीप की क्रिकेट महाशक्ति माना जाता है, लेकिन महिला टी-20 इंटरनेशनल में दोनों का इतिहास काफी एकतरफा रहा है। भारतीय महिला टीम का पलड़ा हमेशा से पाकिस्तान पर भारी रहा है और हालिया वर्षों में यह अंतर और भी ज्यादा स्पष्ट दिखाई दिया है। विशेष बात यह है कि दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के चलते महिला क्रिकेट में कभी कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है। ये टीमें केवल आईसीसी इवेंट्स और एशिया कप जैसे टूर्नामेंट्स में ही आमने-सामने आती हैं।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में टीम इंडिया का दबदबा
दोनों टीमों के बीच आखिरी टी20 मुकाबला पिछले यानी 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में खेला गया था, जहां भारतीय टीम ने शानदार गेंदबाजी और सधे हुए खेल की बदौलत पाकिस्तान को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। इन दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 16 मैच खेले गए हैं। जिसमें भारतीय टीम ने 13 मैचों में जीत हासिल की है। वहीं पाकिस्तान की टीम तीन मुकाबलों को अपने नाम करने में सफल रही है। सिर्फ टी-20 वर्ल्ड कप में खेले गए 8 मुकाबलों में से 6 में भारत ने जीत दर्ज की है।
भारतीय टीम का ऐसा रहा है प्रदर्शन
अगर टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास पर नजर डालें तो दोनों टीमों के सफर में जमीन-आसमान का अंतर रहा है। भारत साल 2020 में उपविजेता रहा था, जबकि चार बार (2009, 2010, 2018 और 2023) टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया है। हालांकि, 2024 के पिछले सीजन में टीम इंडिया ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी, जिसे वे इस बार सुधारना चाहेंगी।
निराशाजनक रहा है पाकिस्तान का सफर
पाकिस्तानी महिला टीम का इतिहास काफी निराशाजनक रहा है। साल 2009 से लेकर 2024 तक खेले गए सभी 10 संस्करणों में पाकिस्तान की टीम कभी भी ग्रुप स्टेज की बाधा को पार नहीं कर सकी है और हर बार शुरुआती दौर से ही बाहर हो गई है।
भारत और पाकिस्तान में कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला शाम को साढ़े 7 बजे शुरू किया जाएगा। भारत में इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports 1, 1 HD, 2, 2 HD, 3, 3 HD) टीवी चैनलों पर उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा डिजिटल यूजर्स जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं। वहीं पाकिस्तान में मैच का प्रसारण PTV Sports और Geo Super पर होगा, जबकि डिजिटल स्ट्रीमिंग Myco, Tamasha, ARY Zapp और Tapmad ऐप्स पर उपलब्ध रहेगी।















Click it and Unblock the Notifications