'हम हर चुनौती से निपटने को तैयार, चीन की गतिविधियों पर नजर', खुफिया रिपोर्ट पर बोले पूर्वी कमान के कमांडर
चीन को लेकर एक चिंताजनक खुफिया रिपोर्ट आई है, जिस पर भारतीय सेना ने कहा कि वो हालात से निपटने को पूरी तरह से तैयार हैं।

लद्दाख को लेकर एक चिंताजनक खुफिया रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें दावा किया गया कि चीनी सैनिक फिर से भारतीय सैनिकों से टकरा सकते हैं। चीन लगातार लद्दाख से सटी सीमा पर अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। इस बीच भारतीय सेना ने दावा किया कि वो एलएसी पर हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। सैन्य अधिकारी लगातार हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
मामले में GOC-in-C पूर्वी कमान आर.पी. कलिता ने कहा कि LAC के बारे में दोनों देशों की अलग-अलग धारणाएं हैं, जो टकराव का मुख्य कारण हैं। हालांकि, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में स्थिति अब सामान्य है लेकिन सीमाओं के परिसीमन की अनुपस्थिति के कारण कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि पिछले साल रूस-यूक्रेन युद्ध से सुरक्षा और आर्थिक गिरावट के रूप में भू-राजनीतिक गतिशीलता में गहरा बदलाव देखा गया, जिससे धीरे-धीरे इंडो-पैसिफिक रीजन में शक्ति केंद्र का स्थानांतरण हुआ। इसी वजह से हमारे पड़ोस में भी अचानक महत्वपूर्ण डेवलपमेंट देखा गया।
वहीं खुफिया रिपोर्ट पर सैन्य कमांडर ने कहा कि पूर्वी सेना पूर्वी सीमाओं पर क्षेत्रीय अखंडता को बनाए रखने के लिए जिम्मेदार है। ये काम हमारे द्वारा बेहद प्रोफोशनल तरीके से किया जा रहा। हम लॉजिस्टिक चुनौतियों पर भी लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत लगातार सीमा पार होने वाली गतिविधियों पर नजर रख रहा और हम किसी भी तरह की उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार हैं। आरपी कलिता के मुताबिक उन्होंने रिपोर्ट में पढ़ा है कि धीरे-धीरे चीनी सैनिकों की तैनाती भी वृद्धि हुई है। साथ ही पीएलए सीमा के पास बुनियादी ढांचे को बढ़ा रहा। इन इलाकों में तैनात चीनी सैनिकों की संख्या का अंदाजा लगाना मुश्किल है, लेकिन उन पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।
सर्जिकल स्ट्राइक पर कही ये बात
वहीं कांग्रेस के नेता लगातार भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांग रहे हैं। उस पर GOC-in-C ने कहा कि ये एक राजनीतिक प्रश्न है, इस वजह से मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा। मुझे लगता है कि पूरा राष्ट्र भारतीय सशस्त्र बलों पर भरोसा करता है।












Click it and Unblock the Notifications