Goa News: फायर सेफ्टी फेल, छोटा एग्जिट गेट, गोवा नाइट क्लब में लगी आग के पीछे अब भी अनसुलझे हैं ये 5 बड़े सवाल

Goa News (Goa Night Club Fire): गोवा के अर्पोरा इलाके में स्थित एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस भयावह हादसे में अब तक 25 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें चार पर्यटक और 14 क्लब कर्मचारी शामिल हैं।

यह आग 6 दिसंबर की देर रात 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाम के नाइट क्लब में लगी। पुलिस जांच शुरू हो चुकी है, लेकिन अब भी कई ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब तलाशे जा रहे हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। आइए जानते हैं इस आग से जुड़े 5 सबसे बड़े अनसुलझे सवाल और अब तक क्या सामने आया है।

Goa News Goa Night Club Fire

🟡 सवाल 1. आग की असली वजह क्या थी? सिलेंडर ब्लास्ट या पहली मंजिल पर कुछ और

गोवा पुलिस प्रमुख आलोक कुमार ने पीटीआई से बातचीत में दावा किया कि आग सिलेंडर ब्लास्ट से लगी। हालांकि, कई प्रत्यक्षदर्शियों ने इस दावे को चुनौती दी है। कुछ लोगों का कहना है कि आग क्लब की पहली मंजिल पर लगी, जहां करीब 100 पर्यटक डांस कर रहे थे।

हैदराबाद की पर्यटक फातिमा शेख के मुताबिक अचानक हड़कंप मच गया और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। लोग बाहर की ओर भागे, लेकिन तब तक आग पूरे ढांचे में फैल चुकी थी। फिलहाल फॉरेंसिक जांच की अंतिम रिपोर्ट नहीं आई है, इसलिए यह अब भी साफ नहीं हो पाया है कि आग की शुरुआत कहां से हुई।

🟡 सवाल 2. निकासी का रास्ता इतना खराब क्यों था कि लोग फंसते चले गए?

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक क्लब के भीतर अफरा-तफरी मच गई थी। जैसे ही आग फैली, लोग सीढ़ियों की ओर भागे, लेकिन संकरी सीढ़ियों और उलझे रास्तों के कारण कई लोग रसोई और ग्राउंड फ्लोर में जा फंसे। वहीं दम घुटने से कई की मौत हो गई।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी माना कि दरवाजे बेहद तंग थे और वेंटिलेशन की भी सही व्यवस्था नहीं थी। कई लोग अंडरग्राउंड इलाके में चले गए, जहां हवा की कमी के कारण वे दम घुटने का शिकार हो गए।

🟡 सवाल 3. फायर ब्रिगेड को मौके तक पहुंचने में इतनी दिक्कत क्यों हुई?

यह नाइट क्लब बैकवॉटर इलाके में स्थित था, जहां तक पहुंचने के लिए सिर्फ एक संकरा रास्ता था। हालात इतने खराब थे कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को करीब 400 मीटर दूर खड़ा करना पड़ा। इससे बचाव कार्य में भारी देरी हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्लब अस्थायी निर्माण से बना था, जिसमें ताड़ के पत्तों का इस्तेमाल किया गया था। यही वजह रही कि आग बहुत तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में पूरा ढांचा जलकर खाक हो गया।

🟡 सवाल 4. क्या यह नाइट क्लब अवैध रूप से बना हुआ था?

अर्पोरा-नागोआ के सरपंच रोशन रेडकर ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि यह नाइट क्लब अवैध रूप से बना था। उनके मुताबिक क्लब के पास निर्माण की कोई वैध अनुमति नहीं थी। पंचायत की ओर से जांच के बाद इस पर डिमोलिशन नोटिस भी जारी किया गया था।

हालांकि, बाद में यह नोटिस डायरेक्टरेट ऑफ पंचायत्स में अपील के बाद रोक दिया गया। यह क्लब कथित तौर पर इको-सेंसिटिव सॉल्टपैन लैंड और कोस्टल रेगुलेशन जोन में बना हुआ था, जहां निर्माण की अनुमति नहीं होती। सवाल अब यह है कि जब सब कुछ अवैध था तो क्लब इतने समय तक आखिर कैसे चलता रहा।

🟡 सवाल 5. क्या कभी फायर सेफ्टी की सही जांच हुई थी?

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने साफ कहा है कि क्लब ने फायर सेफ्टी के नियमों का पालन नहीं किया था। अब पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच होगी ताकि यह तय किया जा सके कि लापरवाही कहां हुई।

कैलंगुट विधायक माइकल लोबो ने घोषणा की है कि अब सभी नाइट क्लबों का फायर सेफ्टी ऑडिट किया जाएगा। जिन क्लबों के पास सुरक्षा की अनुमति नहीं होगी, उनका लाइसेंस रद्द किया जाएगा।

🟡 प्रशासन की कार्रवाई और मुआवजे का ऐलान

इस मामले में होटल के जनरल मैनेजर्स और मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और गिरफ्तारी वारंट भी जारी कर दिए गए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड ने सुरक्षा व्यवस्था, अवैध निर्माण और प्रशासनिक लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जिन सवालों के जवाब हादसे के बाद मिलने चाहिए थे, वे अब भी धुंध में हैं। जांच के बाद ही साफ होगा कि इस भयानक आग का जिम्मेदार आखिर कौन है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+