Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai Movie Review: हंसी का दंगल और कन्फ्यूजन का बवंडर, पुराने अंदाज में लौटे डेविड धवन
फिल्म: है जवानी तो इश्क होना है (Hai Jawani To IshQ Hona Hai)
स्टारकास्ट: वरुण धवन, मृणाल ठाकुर, पूजा हेगड़े, मनीष पॉल, जिमी शेरगिल, मौनी रॉय और चंकी पांडे
डायरेक्टर: डेविड धवन
रनटाइम: 2 घंटे 16 मिनट
स्टार: 3 (***)
Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai Movie Review: अगर आप इस वीकेंड सिनेमाघर में दिमाग को घर पर छोड़कर, सिर्फ और सिर्फ शुद्ध देसी मनोरंजन, ठहाके और एक रंगीन बॉलीवुडिया तमाशा देखना चाहते हैं, तो डेविड धवन अपनी नई फिल्म के साथ तैयार हैं। 'है जवानी तो इश्क होना है' एक ऐसी कॉमेडी फैमिली एंटरटेनर है, जो आपको 90 के दशक के उस दौर में ले जाती है जहां लॉजिक कम और मैजिक ज्यादा होता था।

5 जून 2026 को रिलीज हुई 'है जवानी तो इश्क होना है'
हंसी, कन्फ्यूजन, रोमांस और हाई-ऑक्टेन ड्रामे से लबरेज ये फिल्म उन उम्मीदों पर 100 फीसदी खरी उतरती है, जो दर्शकों को एक ठेठ 'डेविड धवन ब्रांड' सिनेमा से होती हैं। 'है जवानी तो इश्क होना है' आज यानी 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और लोग इसे पसंद कर रहे हैं।
क्या है फिल्म की कहानी?
इस फिल्म की कहानी पूरी तरह से सिंपल है जिसमें लड़का जस्स पेशे से फोटोग्राफर है और वो बानी नाम की लड़की से शादी कर चुका है। वो बच्चा चाहता है लेकिन बानी को नहीं चाहिए। यहीं से दोनों के बीच अनबन होती है और वो दूसरी लड़की की तलाश में निकल पड़ता है। इसी बीच उसकी मुलाकात प्रीत से होती है जिसके बाद कहानी में बवंडर आ जाता है। यहीं से कहानी और दिलचस्प होती जाती है।
फिल्म की स्टारकास्ट और उनकी एक्टिंग
-वरुण धवन इस बार अपने चिर-परिचित और सबसे चहेते अंदाज में नजर आ रहे हैं। वरुण इस फिल्म में पूरी तरह से अपनी लय (Elements) में हैं। उनकी एनर्जी, स्क्रीन प्रेजेंस और सहज कॉमिक टाइमिंग पूरी फिल्म को अपने कंधों पर खींचती है। चाहे वो वन-लाइमर्स बोलना हो, हाई-स्पीड डांस करना हो या फिर इमोशनल सीन्स में अपनी गंभीरता दिखानी हो, वरुण ने हर मोर्चे पर अच्छे दिखे हैं।
-दूसरी तरफ मृणाल ठाकुर ने फिल्म में एक बेहद खूबसूरत ठहराव दिया है। उनकी सादगी, बेहतरीन अभिनय और सिंसियैरिटी दर्शकों का दिल जीत लेती है। वहीं पूजा हेगड़े स्क्रीन पर आते ही ग्लैमर और कॉन्फिडेंस का ऐसा तड़का लगाती हैं कि स्क्रीन चमक उठती है। उनका करिश्माई अंदाज पूरी फिल्म में एक बेहद सुखद अहसास कराता है।
-डेविड धवन की फिल्मों की रीढ़ हमेशा उनकी सपोर्टिंग कास्ट रही है और यहां भी वो फॉर्मूला सुपरहिट रहा है। मनीष पॉल ने फिल्म में कॉमेडी का ऐसा दंगल मचाया है कि वो कई सीन्स में मुख्य कलाकारों पर भी भारी पड़ते दिखे हैं।
-जिमी शेरगिल ने अपने खास रौबीले अंदाज और कड़क चार्म के साथ स्क्रीन पर अपनी अथॉरिटी साबित की है। मौनी रॉय एक बेहद सरप्राइजिंग और यादगार भूमिका में चमकी हैं। इनके अलावा चंकी पांडे, अली असगर, राजेश कुमार, राकेश बेदी और कुब्रा सैत जैसे मंझे हुए कलाकारों की फौज ने फिल्म के एंटरटेनमेंट क्वेशेंट को कई गुना बढ़ा दिया है। हर एक किरदार को इतना स्पेस दिया गया है कि वो थिएटर से निकलने के बाद भी आपके जेहन में रह जाते हैं।
फिल्म की राइटिंग और डायरेक्शन
-फिल्म के डायलॉग्स और स्क्रीनप्ले फरहाद सामजी और सजावल युनुस ने लिखे हैं। उन्होंने क्लासिक बॉलीवुड कॉमेडी के साथ पूरा न्याय किया है। फिल्म के तीखे और मजेदार वन-लाइनर्स, अजीबोगरीब परिस्थितियां और कहानी में आने वाले मजेदार ट्विस्ट्स स्क्रीनप्ले की रफ्तार को धीमा नहीं होने देते। डेविड धवन की सिग्नेचर स्टाइल के मुताबिक कहानी जितनी उलझती है, मनोरंजन उतना ही सुलझकर बाहर आता है।
क्या है फिल्म में कमी?
हालांकि फिल्म अपने मुख्य मकसद यानी मनोरंजन में पूरी तरह पास होती है लेकिन कुछ जगहों पर लगता है कि एडिटिंग थोड़ी और कड़क हो सकती थी। सेकेंड हाफ में कुछ कॉमिक सिचुएशंस जरूरत से थोड़ी ज्यादा खिंच जाती हैं, जिससे फिल्म की रफ्तार पर हल्का सा असर पड़ता है लेकिन कलाकारों की हाई-एनर्जी और स्क्रीन पर चल रहे मजेदार घटनाक्रम उस ढीलेपन को तुरंत संभाल लेते हैं, इसलिए यह खामी फिल्म के ओवरऑल मजे को किरकिरा नहीं कर पाती।
क्यों देखें ये फिल्म?
'है जवानी तो इश्क होना है' एक पैसा वसूल, फुल-टू-धमाल और दिल को छू लेने वाली पारिवारिक फिल्म है। यदि आप रोजमर्रा की टेंशन से दूर होकर पूरे परिवार, बच्चों और दोस्तों के साथ खुलकर हंसना चाहते हैं तो ये सिनेमाघरों का सबसे सटीक विकल्प है। कमर्शियल सिनेमा के किंग डेविड धवन ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित कर दी है। फिल्म आपको शुरुआत से लेकर अंत तक चेहरे पर एक बड़ी सी मुस्कान के साथ थिएटर से बाहर भेजती है।












Click it and Unblock the Notifications