गोवा: कांग्रेस ने नतीजों के पहले प्रत्याशियों को पहुंचाया रिसॉर्ट, डीके शिवकुमार को भेजा मोर्चे पर
पंजिम, 8 मार्च। गोवा से बड़ी खबर आ रही है जहां पर कांग्रेस को नतीजों के बाद विधायकों की टूट का डर सताने लगा है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने नतीजे आने के पहले ही अपने प्रत्याशियों को रिसॉर्ट में भेज दिया है। दरअसल पिछले बार गोवा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी लेकिन सरकार बनाने में बीजेपी ने बाजी मार ली थी। कांग्रेस इस बार पिछली वाली कोई गलती नहीं दोहराना चाहती है।

नतीजों के बाद सरकार बनाने की प्रक्रिया को संभालने के लिए कांग्रेस ने कर्नाटक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार को गोवा भेजने का फैसला किया है। डीके शिवकुमार ने खुद के गोवा जाने के बारे में जानकारी दी है।
डीके शिवकुमार ने दावा किया कि कांग्रेस पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में सबसे आगे रहेगी। शिवकुमार ने कहा कांग्रेस पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में सबसे आगे रहेगी। हमारी पार्टी गोवा में पूर्ण बहुमत से सत्ता में आएगी। पार्टी नेताओं की मदद करने के लिए मैं गोवा में रहूंगा।
2017 में क्या हुआ था?
2017 के गोवा विधानसभा चुनाव में 17 सीट जीतकर कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनी थी, वहीं बीजेपी को 13 सीटें मिली थीं। 40 सदस्यों वाली विधानसभा में किसी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला था लेकिन जब सरकार बनाने की बारी आई तो बीजेपी ने बाजी मार ली। छोटे दलों को मिलाकर बीजेपी ने सरकार बना ली। दो साल बाद कांग्रेस को फिर झटका लगा जब कांग्रेस के 15 विधायक बीजेपी में चले गए। इस बार कांग्रेस कोई चूक नहीं करना चाहती। यही वजह है कि पार्टी ने डीके शिवकुमार को गोवा भेज दिया है। उनके अलावा पार्टी के कुछ दूसरे वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने की भी खबर है। ये नेता विधायकों में टूट रोकने के साथ ही त्रिशंकु विधानसभा बनने की स्थिति में तुरंत फैसला लेने की स्थिति में होंगे।
गोवा के एग्जिट पोल में कौन आगे?
सोमवार 7 मार्च को एग्जिट के नतीजों के मुताबिक गोवा में त्रिशंकु विधानसभा बनती नजर आ रही है। पोल ऑफ पोल्स को देखें तो बीजेपी को 13-17 सीट मिल रही हैं जबकि कांग्रेस को 14-18 सीट मिलने का अनुमान है। टीएमसी और आम आदमी पार्टी भी मैदान में हैं और दोनों को 2-4 सीट मिलने का अनुमान है जबकि 2-5 सीटें अन्य के खाते में जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications