छात्रा ने फेसबुक वीडियो में कहा, भाजपा में शामिल होने पर पिता को मिल रही जान से मारने की धमकी
नई दिल्ली। केरल की रहने वाली एक लड़की का फेसबुक पर शेयर किया गया वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लड़की कह रही है कि उसके पिता को सीपीआई (एम) के कार्यकर्ता जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं क्योंकि उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली है। क्लास 11 में पढ़ने वाली ये लड़की अश्वनी कसरगॉड जिले के एक भाजपा नेता की बेटी है। अश्वनी के पिता सुकुमारन ने कुछ समय पहले ही एक कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता ली थी।

लड़की का कहना है कि उसके पिता का भाजपा में जाना सीपीआईएम को भा नहीं रहा है और उन्हें मारने की धमकी दी जा रही है। अश्वनी का कहना है कि भाजपा ज्वाइन करने के दो दिन बाद ही सीपीआईएम के पांच-छह कार्यकर्ता उनके घर आए और उसके पिता को भाजपा में जाने के लिए धमकाया और जान से मार डालने की बात कही। भाजपा नेताओं ने इसे गंभीर मामले बताते हुए सीपीएम कार्यकर्ताओं के बर्ताव पर सवाल उठाए हैं और अश्वनी और भाजपा नेता के परिवार की सुरक्षा की मांग की है। वहीं सीपीएम ने इसे मशहूर होने का सस्ता तरीका बताया है, सीपीएम की ओर से कहा कि उनके किसी कार्यकर्ता ने सुकुमार को कोई धमकी नहीं दी है।
लड़की ने कहा कि वो स्कूल जाते हुए भी अब डर रही है क्योंकि उसे भी नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उसने कहा कि सीपीएम के लोग उसके स्कूल के रास्ते में बैठ जाते हैं, ऐसे में उसे रास्ते बदलकर स्कूल जाना पड़ रहा है। अश्वनी का कहना है कि अब उसके पिता उसे स्कूल छोड़ने जा रहे हैं। लड़की का कहना है कि ये लोग पुलिस से नहीं डरते और उन्हें नहीं लगता कि अगर वो पुलिस में शिकायत करेंगे तो उससे कोई फायदा होगा।












Click it and Unblock the Notifications