'BJP विधायक के भाई ने ही रची थी मामा नरेश त्यागी की हत्या की साजिश', गाजियाबाद पुलिस का खुलासा
नई दिल्ली। गाजियाबाद पुलिस ने नौ अक्टूबर को हुए नरेश त्यागी हत्याकांड को सुलझा देने का दावा किया है। पुलिस ने कहा है कि मुरादनगर से भाजपा विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की हत्या हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र त्यागी और विधायक के बड़े भाई गिरीश त्यागी ने कराई थी। पुलिस ने मामले में जितेंद्र त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं गिरीश को फरार बताया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरीश ने दो महीने पहले जितेंद्र के साथ मिलकर अपने मामा नरेश की हत्या की साजिश रची और फिर सुपारी देकर ये हत्या कराई।

9 अक्टूबर को हुई थी हत्या
मुरादनगर विधानसभा सीट से विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की गाजियाबाद के लोहिया नगर में हथियारों से लैस कुछ बदमाशों ने नौ अक्टूबर को सुबह घर के पास ही गोली मारकर हत्या कर दी थी। पेशे से ठेकेदार नरेश त्यागी की हत्या के करीब डेढ़ महीने बाद पुलिस ने मामले का खुला करने का दावा किया है। नरेश त्यागी की हत्या में उनके ही भांजे और विधायक के भाई का नाम आना चौंकाने वाला भी है।

जितेंद्र त्यागी ने कबूला गुनाह
पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी सिहानी गेट कोतवाली की लोहियानगर चौकी में पुलिस ने जब हत्याकांड को लेकर जितेंद्र से पूछताछ की तो उसने कहा कि नरेश त्यागी की हत्या की साजिश उसने गिरीश त्यागी के साथ मिलकर बनाई। गिरीश ने ही नरेश त्यागी की सुपारी दी। पुलिस का कहना है कि गिरीश के साथ उन लोगों भी तलाश भी शुरू कर दी गई है, जिन लोगों ने सुपारी लेकर हत्या को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक रंजिस में नरेश त्यागी की हत्या की साजिश रची गई। जितेंद्र ने पुलिस को बताया है कि सुपारी देकर वह और गिरीश त्यागी लखनऊ चले गए थे। जिससे किसी को उन पर शक ना हो।

विधायक ने गाजियाबाद पुलिस पर उठाए सवाल
इससे पहले बुधवार को मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने इस मामले को लेकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस गुमराह करने के लिए ऐसे अपराधियों को गिरफ्तार कर रही है, जिनका इस केस से कोई संबंध नहीं है। विधायक ने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र त्यागी को हिरासत में रखा गया है जबकि पुलिस ने उनकी बात जितेंद्र त्यागी से करवाई थी, जब खुद एसपी सिटी अपनी गाड़ी में बैठाकर विधायक को ले गए थे। विधायक ने कहा कि पुलिस बेवजह किसी को फंसा रही है। उनके पास कोई ठोस सबूत नहीं हैं।
पढ़ें- गाजियाबाद: कार सवार ने की बाइक सवार युवक पर फायरिंग, बाल-बाल बचा युवक, वीडियो वायरल












Click it and Unblock the Notifications