निधिवन का वीडियो शूट करने वाला गौरव शर्मा गिरफ्तार, कुत्ते के साथ ज्यादती के मामले में भी हो चुका है अरेस्ट
नई दिल्ली, 15 नवंबर। मथुरा में स्थित निधिवन के रहस्य को पूरी दुनिया के सामने लाने की कोशिश करने वाले यूट्यूबर गौरव शर्मा को यूपी पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गौरव को राजधानी दिल्ली में स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। गौरव को गिरफ्तार करने वाले पुलिस अधिकारी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया है कि गौरव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और उसके साथियों की भी तलाश की जा रही है।

6 नवंबर को निधिवन में घुसकर वीडियो किया था शूट
पुलिस ने बताया है कि गौरव ने पूछताछ के दौरान ये स्वीकार कर लिया है कि उसने ही 6 नवंबर की रात को अपने चचेरे भाई प्रशांत और कुछ दोस्तों के साथ मिलकर निधिवन के अंदर घुसकर वीडियो शूट किया था। इस वीडियो को गौरव ने 9 नवंबर को यूट्यूब पर अपलोड किया था। हालांकि पुजारियों की आपत्ति के बाद उसने इस वीडियो को यूट्यूब से हटा दिया।
निधिवन के राजपुरोहित पुजारी ने दर्ज कराई थी शिकायत
पुलिस के अधिकारियों ने बताया है कि गौरव शर्मा के खिलाफ निधिवन के राजपुरोहित पुजारी रोहित गोस्वामी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत के आधार पर ही वृंदावन पुलिस गौरव को गिरफ्तार करने दिल्ली पहुंची, जहां पंचशील पार्क स्थित घर से गौरव को अरेस्ट कर लिया गया। गौरव के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 295 ए और आईटी अधिनियम की धारा 66 के तहत मामला दर्ज किया है।
इसी साल मई में भी हुई थी गिरफ्तारी
आपको बता दें कि गौरव इससे पहले इसी साल मई में भी गिरफ्तार हो चुका है। दरअसल, एक वीडियो में गौरव ने एक कु्त्ते को हवा में उछाला था। इसका वीडियो बनाकर उसने यूट्यूब पर डाल दिया था। हालांकि बाद में उस वीडियो को डिलीट कर माफी मांगी थी। गौरव ने उस वीडियो में अपने डॉग डॉलर को एक गुब्बारे में बांधकर हवा में उड़ाया था।












Click it and Unblock the Notifications