G7 Summit Update: PM मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से की मुलाकात, 'द्विपक्षीय संबंधों' की समीक्षा की
PM Narendra Modi Apulia G7 Summit Update: भारत में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नरेंद्र मोदी ग्रुप ऑफ सेवन (जी-7) शिखर सम्मेलन का हिस्सा बनने शुक्रवार को इटली के अपुलिया पहुंचे। यहां इस कार्यक्रम से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं। प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की।
जेलेंस्की ने मोदी को रूस-यूक्रेन संघर्ष के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी। सुनक के साथ उनकी संक्षिप्त बैठक भी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर केंद्रित थी। वहीं, मैक्रों और मोदी ने रक्षा, परमाणु और अंतरिक्ष के क्षेत्रों सहित रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और जेलेंस्की ने 'द्विपक्षीय संबंधों' की समीक्षा की और यूक्रेन की स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत वार्ता और कूटनीति के माध्यम से संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान को प्रोत्साहित करना जारी रखेगा।
यूक्रेन और भारत से संबंधों को समझें?
- रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भारत ने तटस्थता का रुख अपनाया, लेकिन मानवतावादी सहायता के माध्यम से मदद करने की कोशिश की है।
- भारत अपनी विदेश नीति में संतुलन बनाए रखने की कोशिश करता है, जिससे दोनों देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रख सके। भारत और यूक्रेन के संबंध बहुआयामी और व्यापक हैं। दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में एक-दूसरे के सहयोगी हैं और भविष्य में भी संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में कार्यरत हैं।
- भारत और यूक्रेन के बीच व्यापार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा कृषि उत्पादों, फार्मास्युटिकल्स, मशीनरी और वस्त्रों पर आधारित है। निवेश की बात करें तो, भारतीय कंपनियां यूक्रेन में निवेश कर रही हैं, विशेषकर आईटी और फार्मास्युटिकल्स क्षेत्रों में। भारत और यूक्रेन के बीच रक्षा सहयोग भी है, जिसमें सैन्य उपकरणों और प्रौद्योगिकी का आदान-प्रदान शामिल है। यूक्रेन के पास उन्नत परमाणु प्रौद्योगिकी है, जिससे भारत को भी लाभ हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications