G20 Meet: सुरक्षाकर्मियों को मिलेगा मुस्तैदी का 'इनाम', पीएम मोदी भारत मंडपम में आयोजित करेंगे डिनर
राजधानी दिल्ली में G20 समिट का आयोजन पूरी तरह से सफल रहा। इसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और अलग-अलग संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसके लिए दिल्ली पुलिस के जवानों ने कड़ी मेहनत की, जिसका इनाम पीएम मोदी जल्द उन्हें दे सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुरक्षाबलों की मुस्तैदी से काफी खुश हैं, जिनकी वजह से ये सम्मेलन बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुआ। ऐमें जल्द पीएम एक डिनर आयोजित कर सकते हैं, जिसमें सुरक्षा एजेंसियों के जवानों को शामिल किया जाएगा।

सूत्रों ने ये भी बताया कि दिल्ली के कमिश्नर संजय अरोड़ा ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखा है। जिसमें उन जवानों की लिस्ट मांगी गई है, जिन्होंने G20 समिट के दौरान उत्कृष्ट कार्य किया।
वैसे तो अभी इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा कि पीएम मोदी के डिनर में 450 जवान शामिल होंगे। ये कार्यक्रम भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा, जहां पर G20 की मुख्य बैठक हुई थी।
वैसे ये पहली बार नहीं है, जब पीएम मोदी किसी बड़ी उपलब्धि में शामिल लोगों के प्रयासों की सराहना करेंगे। मई में नई संसद के उद्घाटन से पहले उन्होंने इसके निर्माण में शामिल मजदूरों को सम्मानित किया था।
कमिश्नर कर चुके हैं सम्मानित
हाल ही में दिल्ली पुलिस के कमिश्नर संजय अरोड़ा ने एक छोटा कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसमें G20 सम्मेलन में खास योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया।
सुरक्षा में लगे थे 1.30 लाख जवान
G20 सम्मेलन में अमेरिका, ब्रिटेश, फ्रांस, सिंगापुर, सऊदी आदि बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्ष आए थे। ऐसे में सबसे बड़ी जिम्मेदारी विदेशी मेहमानों की सुरक्षा की थी। इसके लिए राजधानी में 1.30 लाख जवानों को लगाया गया था। साथ ही एनएसजी के ब्लैक कैट कमांडों को भी मैदान में उतारा गया।
सुरक्षा की वजह से 8-10 सितंबर तक दिल्ली के कई इलाकों में पाबंदियां लगाई गईं। हालांकि इससे आम लोगों को थोड़ी-बहुत परेशानियां जरूर हुईं।












Click it and Unblock the Notifications