Friendship Day 2021: भोजपुरी गायिका देवी ने कहा-'जिसके पास दोस्त है वो ही सच में अमीर है'
बेंगलुरु,30 जुलाई। लोकप्रिय भोजपुरी गायिका और बिहार की शान कही जाने वाली सिंगर 'देवी' इन दिनों उत्तराखंड के ऋषिकेश में अपने स्वरों का जादू बिखेर रही हैं। दिल से पूरी तरह भारतीय लेकिन खुले विचारों वाली देवी दोस्ती को कुदरत का सबसे बढ़िया तोहफा मानती हैं। वनइंडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत में देवी ने खुलासा किया कि उनके बहुत सारे दोस्त हैं। उन्होंने कहा कि दोस्ती , दुनिया का सबसे अनमोल और खूबसूरत रिश्ता है। दोस्त से आप सब कुछ शेयर करते हैं, वो भी बिना किसी झिझक के, और मुझे लगता है कि जिसके पास दोस्त होते हैं, वो अपने आप को अमीर महसूस करते हैं, रीच महसूस करते हैं या यूं कहिए कि वो ही सबसे अमीर हैं।

देवी ने आगे कहा कि 'मेरे तो बहुत सारे मित्र हैं, ये मेरा सौभाग्य है कि मेरे पास हर लाइन के मित्र हैं, मेरी दोस्ती हर तरह के लोगों से हो जाती है। इसलिए दोस्त और दोस्ती की अहमियत मेरे लिए बहुत ज्यादा है।'
यहां देखें: लोकप्रिय भोजपुरी गायिका देवी का एक्सक्लूसिव interview
'देवी' का परिचय
बहुत कम समय में सफलता की बुलंदी पर पहुंचने वाली सिंगर देवी का जन्म छपरा में हुआ था। बिहार का गौरव कही जाने वाली देवी को उनके शालीन संगीत के लिए जाना जाता है। भोजपुरी, हिंदी, मैथिली और मगही भाषाओं में गाने वाली देवी के 50 से ज्यादा एलबम आ चुके हैं। देश-विदेश में कई शो कर चुकी देवी का पहला एलबम 'पुरवा बयार' था, जिसके जरिए उन्होंने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। बहुत सारे सोशल वर्क करने वाली देवी इन दिनों उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक आश्रम चला रही हैं, जहां लोगों को संगीत और ध्यान-योग की शिक्षा दी जाती है। भोजपुरी गीतों में बढ़ती अश्लीलता के बीच में देवी ने श्रोताओं को एक स्वच्छ, स्वस्थ और कर्णप्रिय संगीत से रूबरू कराया है और एक अलग मुकाम हासिल किया है। इन्होंने बॉलीवुड फिल्म 'Thank You' में एक आयटम नंबर भी गाया है।

फ्रेंडशिप डे
दुनिया में मित्रता दिवस को अलग-अलग डेट्स में सेलिब्रेट किया जाता है आपको जानकर हैरत होगी कि परागुआ दुनिया का ऐसा पहला देश हैं जिसने 'फ्रेंडशिप डे' को मनाने के लिए साल 1958 में एक प्रस्ताव पेश किया था। लेकिन कई जानकारों का कहना है कि 1930 में जॉयस हॉल ने हॉल्मार्क कार्ड्स से फ्रेंडशिप डे की शुरुआत की थी। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र ने 30 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडशिप डे के रूप में ऐलान किया। तब से यह 30 जुलाई को ही मनाया जाता है। लेकिन भारत में इसे अगस्त के पहले रविवार को मनाया जाता है। इस साल 1 अगस्त को ये पर्व मनाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications