फ्रांस के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी से फोन पर की बात, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर
नई दिल्ली, 21 सितंबर: चीन का भारत समेत कई देशों के साथ विवाद जारी है। आए दिन साउथ चाइना सी में ड्रैगन अपना आक्रामक रुख दिखाता रहता है, तो कई बार उसने हिंद और प्रशांत महासागर में भी अमेरिका, भारत समेत कई देशों को आंख दिखाई। इस बीच मंगलवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। साथ ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर चर्चा की। दोनों देशों ने एक दूसरे को आश्वसन दिया कि वो वहां पर परस्पर सहयोग करेंगे। वहीं हाल ही में अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया ने AUKUS का गठन किया था। ऐसे में फ्रांसीसी राष्ट्रपति का ये फोन कॉल काफी अहम माना जा रहा है।

मामले में फ्रांस राष्ट्रपति कार्यालय ने बयान जारी करते हुए कहा कि मैक्रों ने पीएम मोदी से बात की है। इस बीच दोनों में अफगानिस्तान में संकट जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही दोनों नेताओं ने एक खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्य करने की अपनी सामान्य इच्छा की पुष्टि की। दोनों नेताओं ने सभी क्षेत्रों में विशेषकर आर्थिक मोर्चे पर द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर बल दिया।
आपको बता दें कि पिछले हफ्ते ऑस्ट्रेलिया ने फ्रांस के साथ अपने परमाणु पनडुब्बी सौदे को रद्द कर दिया था। जिसके बाद फ्रांस ने भी नाराज होकर अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया से अपने राजदूत वापस बुला लिए। ऑस्ट्रेलिया ने पिछले हफ्ते कहा था कि वो पारंपरिक पनडुब्बियों का एक बेड़ा बनाने के लिए फ्रांस के नौसेना समूह के साथ 2016 के पहले के सौदे को रद्द कर देगा। अब इसकी जगह त्रिपक्षीय सुरक्षा साझेदारी के तहत अमेरिका और ब्रिटिश तकनीक के साथ कम से कम आठ परमाणु-संचालित पनडुब्बियों का निर्माण करेगा। फ्रांस का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया ने उसकी पीठ में छूरा घोंपा है।












Click it and Unblock the Notifications