'फिरंगियों की तारीफ के इतने भूखे हैं कि.....', फ्रांस पर सीएम योगी के ऑफिस का ट्वीट, ओवैसी ने कसा तंज
फ्रांस हिंसा की आग में जल रहा है। वहां पर कई इमारतों को मुस्लिम प्रदर्शनकारियों ने आग के हवाले कर दिया, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल बताए जा रहे। इस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने एक ट्वीट किया, जिस पर ओवैसी ने तंज कसा है।
दरअसल ट्विटर पर यूरोपीय प्रोफेसर N John Camm नाम के अकाउंट से फ्रांस को लेकर एक ट्वीट किया गया। जिसमें लिखा था कि भारत को योगी आदित्यनाथ को फ्रांस में दंगे की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भेजना चाहिए। वो 24 घंटे के अंदर वहां के हालात सही कर देंगे। हालांकि ये साफ नहीं है कि ये अकाउंट सही है या फर्जी।

इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए योगी आदित्यनाथ के ऑफिस ने लिखा- जब भी विश्व के किसी भी हिस्से में उग्रवाद-दंगे भड़कते हैं, अराजकता फैलती है और कानून एवं व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होती है, तो दुनिया सांत्वना तलाशती है और उत्तर प्रदेश में महाराज जी द्वारा स्थापित कानून एवं व्यवस्था के परिवर्तनकारी 'योगी मॉडल' के लिए तरसती है।
ओवैसी ने इसी ट्वीट पर योगी सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही उन्होंने John Camm के अकाउंट को फर्जी बताया। उन्होंने लिखा कि भाई, भाई, भाई! फिरंगियों की तारीफ के इतने भूखे हैं कि किसी फर्जी अकाउंट के ट्वीट से खुश हो रहे हैं? झूठे एनकाउंटर, गैर-कानूनी बुलडोजर कार्यवाही और कमजोरों को निशाना बनाना कोई परिवर्तनकारी नीति नहीं है, ये जम्हूरियत का विनाश है। 'योगी माडल' का सच तो हमने लखीमपुर खीरी और हाथरस में देखा था।
पप्पू यादव ने भी कहा तंज
सीएम योगी के ऑफिस के ट्वीट पर पप्पू यादव ने भी तंज कसा है। उन्होंने लिखा कि एक फर्जी ट्वीट के जरिये यह दावा किया जा रहा है कि यूपी के CM का डिमांड फ्रांस में दंगा रोकने के लिए हो रहा है। मैं कहता हूं कि फ्रांस 6000 KM दूर है। इस्तीफा देकर अपने देश में बस 2000 KM दूर मणिपुर चले जाएं, वहां दो महीने से दंगा हो रहा है, वहां CM बन शांत कर दें। बेशर्म कहीं के।












Click it and Unblock the Notifications