बालाकोट एयरस्ट्राइक पर बोले हामिद अंसारी- लोगों को सवाल करने का हक, सरकार बताए इससे क्या हासिल हुआ
नई दिल्ली। पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने कहा है कि अपनी सरकार से रक्षा और विदेश नीति पर सवाल करने का देश के नागरिक को सवाल करने का हक है। पाकिस्तान के बालाकोट में भारतीय वायुसेना की एयरस्ट्राइक और इसके बाद दोनों देशों के बीच तनातनी पर सवालों का जवाब देते हुए एक टीवी इंटरव्यू में अंसारी ने ये बातें कहीं। अंसारी ने कहा कि अगर हम शेर मारने का दावा करते हैं तो शेर दिखाना भी तो होगा।

सरकार को बालाकोट पर जवाब देना चाहिए
मंगलवार को अपने साक्षात्कार में हामिद अंसारी ने कहा, देश के लोगों को यह सवाल पूछने का हक है कि बालाकोट में एयरस्ट्राइक से क्या हासिल हुआ और सरकार को इसका जवाब भी देना चाहिए। ये हर नागरिक का अधिकार है कि वो ऐसी चीजों के बारे में जाने जो विदेश नीति और सुरक्षा से जुड़ी हो।

मैंने शेर मारा तो मुझे शेर दिखाना भी होगा
यह पूछे जाने पर कि पाकिस्तान दावा कर रहा है कि भारत ने उनके F-16 विमान को नहीं गिराया, अंसारी ने कहा, आज विश्व में जो टेक्नॉलजी है, उसमें चीजों को छुपाना मुश्किल है। पूर्व उपराष्ट्रपति ने कहा, अगर मैं ये दावा करता हूं कि मैंने शेर को मारा है तो मुझे शेर दिखाना तो पड़ेगा।
26 फरवरी को भारत की सेना ने पाक के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। भारत की ओर से दावा किया गया था कि वो आंतकी ठिकानों को निशाना बनाने में कामयाब रहे। जबकि पाकिस्तान और विश्व मीडिया ने कहा था कि जंगल में कुछ बम गिरे हैं, कोई जानमाल का नुकसान भारत की स्ट्राइक से नहीं हुआ है। इसके बाद दोनों देशों की वायुसेना में टकराव भी हुआ था। भारत ने पाक के एफ-16 को मार गिराने का दावा किया था, जिसे पाक ने नकार दिया था। इस पूरे मामले पर विपक्ष की ओर से सवाल उठाने पर सरकार की ओर से कहा गया था कि सेना पर सवाल ना किए जाएं।

मोदी सरकार के कामकाज पर अंसारी
पूर्व उपराष्ट्रपति अंसारी ने मौजूदा एनडीए सरकार के कामकाज पर कहा कि वो वादों को पूरी तरह निभाने में कामयाब नहीं रहे। अंसारी ने कहा कि मोदी सरकार की शुरुआत भारी उम्मीदों के साथ हुई थी, लेकिन उसका रिकॉर्ड मिला-जुला ही है। सरकार ने जो वादे किये थे वो पूरे नहीं हुए हैं। हामिद अंसारी दो बार भारत के उपराष्ट्रपति रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications