यूनिटेक के पूर्व मालिक संजय चंद्रा की पत्नी प्रीति चंद्रा अरेस्ट, मनी लॉन्ड्रिंग केस में ED ने की कार्रवाई
नई दिल्ली, 04 अक्टूबर: मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में यूनिटेक के पूर्व मालिक संजय चंद्रा की पत्नी प्रीति चंद्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने प्रीति चंद्रा को मनी लॉन्ड्रिंग के कथित मामले में अरेस्ट किया है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मामले में संजय चंद्रा के पिता रमेश चंद्रा को भी गिरफ्तार करने की खबर सामने आ रही है। इसके अलावा राजेश मलिक नाम के एक व्यक्ति को भी गिरफ्त में लिया गया है।

इस पूरे मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बताया कि पीएमएलए 2002 के तहत यूनिटेक के संस्थापक रमेश चंद्रा और संजय चंद्रा की पत्नी प्रीति चंद्रा को गिरफ्तार किया है। ईडी ने कार्नौस्टी मैनेजमेंट (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के राजेश मलिक को भी गिरफ्तार किया है। उन्हें रिमांड के लिए मंंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इंफोर्समेंट डायरेक्टोरेट ने तीनों लोगों को सोमवार (04 अक्टूबर) शाम को राजधानी दिल्ली से गिरफ्तार किया है। खबरों के मुताबिक तीनों लोगों ने खरीदारों के पैसे का गबन किया और उस गबन के पैसों को रियल स्टेट में लगाया था। प्रवर्तन निदेशालय ने हाल में नोएडा में दो प्रापर्टी भी अटैच की थी।
आपको बता दें कि रियल एस्टेट कंपनी यूनिटेक लिमिटेड के फाउंडर रमेश चंद्रा और उनके बेटे संजय चंद्रा और अजय चंद्रा के खिलाफ बैंक फ्रॉड का केस दर्ज है। तीनों लोगों पर केनरा बैंक से 198 करोड़ रुपए का फ्रॉड करने का बड़ा आरोप है। यहीं नहीं दोनों पर कथित रूप से घर खरीदारों के पैसों का गबन करने का भी आरोप है।
हाल ही में उच्चतम न्यायालय ने यूनिटेक लिमिटेड के पूर्व मालिक संजय चंद्रा को उनके ससुर के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए 15 दिन की अंतरिम जमानत दी थी। वहीं उनके भाई अजय चंद्रा की अगस्त 2017 से जेल में बंद है। हालांकि पहले दोनों भाई तिहाड़ जेल में बंद थे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दोनों को मुंबई जेल में शिफ्ट कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications