46 साल तक कांग्रेस में रहे एसएम कृष्णा होंगे भाजपा में शामिल, बन सकते हैं राज्यपाल
जनवरी में कांग्रेस से इस्तीफा देने से पहले एसएम कृष्णा का नाम कांग्रेस के पुराने और दिग्गज नेताओं में शुमार रहा है। वो 46 साल तक कांग्रेस में रहे हैं।
नई दिल्ली। मनमोहन सरकार में केंद्रीय मंत्री, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे एसएम कृष्णा बुधवार को आधिकारिक रूप से भाजपा का दामन थामेंगे। एसएम कृष्णा ने 29 जनवरी को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार एसएम कृष्णा को तमिलनाडु का राज्यपाल बना सकती है। तमिलनाडु में काफी समय से स्थायी राज्यपाल नहीं है, महाराष्ट्र के राज्यपाल विद्यासागर के पास ही तमिलनाडु का भी प्रभार है। हालांकि गुजरात की पूर्व सीएम आननंदीबेन पटेल का नाम भी तमिलनाडु के सीएम की रेस में है।

जनवरी में कांग्रेस से इस्तीफा देने से पहले एसएम कृष्णा का नाम कांग्रेस के पुराने और दिग्गज नेताओं में शुमार रहा है। 1999 से 2004 कर्नाटक के मुख्यमंत्री और 2004 से 2008 तक महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे हैं। यूपीए-2 में एसएम कृष्णा विदेश मंत्री रहे। 84 साल के कृष्णा 46 साल तक कांग्रेस में रहे लेकिन बीते साल पार्टी से उनके संबंध बिगड़े और इस साल जनवरी में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी।
कांग्रेस से इस्तीफें के बाद कृष्णा भाजपा के करीब आए। माना जा रहा था कि पहले ही वो भाजपा में आ जाते लेकिन पांच राज्यों में चुनाव को देखते हुए उनकी एंट्री टाल दी गई। अब चुनाव नतीजे आ जाने के बाद एसएम कृष्णा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। कर्नाटक के मण्ड्या जिले से आने वाले एसएम कृष्णा वोक्कालिगा समुदाय के प्रभावशाली नेता माने जाते रहे हैं। केंद्र की भाजपा सरकार वोक्कालिगा समुदाय को साधने के लिए उन्हें तमिलनाडु का गवर्नर बनाने पर विचार कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications