RCP Singh: भाजपा में शामिल हुए आरसीपी सिंह, भ्रष्टाचार के आरोपों पर छोड़ी थी JDU
Former JDU Leader RCP Singh: भ्रष्टाचार के आरोपों पर नीतीश कुमार की जेडीयू छोड़ने वाले आरसीपी सिंह आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके आरसीपी सिंह आज दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई।
पिछले दिनों आरसीपी सिंह ने जेडीयू से उस वक्त इस्तीफा दे दिया था, जब पार्टी ने उनसे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सफाई मांगी।
आपको बता दें कि जेडीयू के शीर्ष नेतृत्व ने आरसीपी सिंह से सफाई मांगते हुए कहा था कि वो अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर उन सभी अचल संपत्तियों की जानकारी दें, जो पिछले 9 साल यानी 2013 से लेकर 2022 के बीच उनके नाम पर खरीदी गई हैं। इस मामले को लेकर जेडीयू ने आरसीपी को एक नोटिस भेजा और उनसे भ्रष्टाचार के आरोपों पर जवाब मांगा, जिसके बाद उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
सात जन्म में भी पीएम नहीं बनेंगे नीतीश: आरसीपी सिंह
इस्तीफे के बाद आरसीपी सिंह ने जेडीयू पर जमकर हमला बोला और पार्टी को एक डूबता हुआ जहाज बताया। यही नहीं, आरसीपी सिंह ने कहा, 'नीतीश कुमार कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन वो अपने सात जन्म में भी कभी प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।' गौरतलब है कि जेडीयू के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि साल 2013 से 2022 के बीच आरसीपी सिंह और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर अथाह संपत्ति जुटाई गई है।
कैसे आई नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह के बीच खटास
हालांकि, जेडीयू और सीएम नीतीश कुमार के खासमखास रहे आरसीपी सिंह के बीच खटास उसी वक्त दिख गई थी, जब पिछले साल जुलाई के महीने में पार्टी ने उन्हें तीसरी बार राज्यसभा नहीं भेजा और आरसीपी सिंह को केंद्रीय मंत्री का पद छोड़ना पड़ा। सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार उस वक्त से ही आरसीपी सिंह से खफा थे, जब उन्होंने बिना सीएम की सहमति के केंद्र सरकार की तरफ से मंत्री पद स्वीकार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications