हिमाचल प्रदेश: शिमला और मनाली में हुए सड़क हादसों में 5 की मौत
प्रदेश में दो जगह हुये सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो गयी। शिमला में गाड़ी गहरी खाई में पलट गई जबकि मनाली में ऑल्टो कार ब्यास नदी में जा गिरी।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में दो अलग अलग जगहों पर हुये सड़क हादसों में 5 लोगों की मृत्यु हो गयी और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे मनाली में प्राथमिक उपचार करने के बाद कुल्लू जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पहली घटना राजधानी शिमला के पास कोटखाई इलाके में हुई। शिमला जिले के ठियोग-हाटकोटी-रोहड़ रोड पर कोटखाई के पट्टीढांक के पास एक वैन बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
दुर्घटना में दो शव वैन से छिटके दरकोटी मार्ग पर बरामद
पुलिस के मुताबिक उन्हें इस हादसे की सूचना रविवार सुबह मिली जबकि गाड़ी रात को ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। पुलिस को घटनास्थल से वैन नम्बर (HP-10V5760)बरामद हुयी है। इसी वैन में वे तीनों लोग सवार थे। हादसा इतना दर्दनाक था कि दो लोगों के शव वैन से छिटक कर दरकोटी मार्ग पर जा पहुंचे थे, जबकि एक शव वैन के पास ही पड़ा था। पुलिस ने शवों की तलाशी ली जिसमें एक व्यक्ति के पास ड्राइविंग लाइसेंस मिला है। ड्राइविंग लाइसेंस से मिली जानकारी के आधार पर उस व्यक्ति की पहचान रोहड़ के चिडगांव निवासी रवि के रूप में हुई है।
पुलिस ने शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए कोटखाई अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मनाली के पास कार ब्यास नदी में गिरी
दूसरी घटना प्रदेश के जिला कुल्लू के मनाली इलाके में हुयी। यहाँ के मनाली-पलचान मार्ग पर सोमवार की सुबह एक कार हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
यहां एक आल्टो कार(HP-58-8133) अनियंत्रित होकर ब्यास नदी के किनारे जा गिरी। कार में 3 लोग सवार थे जिनमें 2 की धटनास्थल पर ही मौत हो गई। मनाली की तरफ से आ रहे ग्रामीणों ने जब आल्टो को ब्यास नदी के किनारे गिरते हुए देखा तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

ग्रामीणों ने घायल व्यक्ति को मनाली के मिशन अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल कुल्लू रैफर कर दिया है। मनाली थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications