बॉलीवुड में साल की पहली शादी, 'कुछ-कुछ होता है' के छोटे सरदार ने गर्लफ्रेंड संग लिए सात फेरे
बॉलीवुड में 2021 की पहली सेलिब्रिटी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
नई दिल्ली। बॉलीवुड के लिए बुरी खबरों वाला साल 2020 बीत चुका है और नए साल 2021 में हर किसी को बेसब्री से इंतजार है अच्छी खबरों का। तो, बॉलीवुड में साल 2021 की शुरुआत हुई है एक ऐसे सेलिब्रिटी की शादी से, जिसका जिक्र आते ही आंखों के सामने एक मासूम सा चेहरा उभर आता है। क्या आपको सुपरहिट फिल्म 'कुछ कुछ होता है' में छोटे से सरदार का किरदार निभाने वाला वो प्यारा सा बच्चा याद है, जिसके डायलॉग- 'तुस्सी जा रहे हो, तुस्सी ना जाओ' ने कई लोगों का दिल जीत लिया था। बात हो रही है, उस छोटे सरदार का किरदार निभाने वाले अभिनेता परजान दस्तूर की। परजान दस्तूर और उनकी गर्लफ्रेंड डेलना श्रॉफ एक दूसरे के साथ शादी के बंधन में बंध गए हैं और दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

'आज वो खूबसूरत दिन याद आ रहा है...'
परजान दस्तूर ने पिछले साल अक्टूबर के महीने में ही अपनी गर्लफ्रेंड डेलना श्रॉफ को शादी के लिए प्रपोज करते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी। इस तस्वीर के साथ कैप्शन में परजान ने लिखा, 'आज वो खूबसूरत दिन याद आ रहा है, जब एक साल पहले उसने हां कहा था। और अब महज 4 महीने ही बचे हैं...।' परजान और डेलना की शादी की तस्वीरों को उनके फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।

'कुछ कुछ होता है' से मिलीं परजान को सुर्खियां
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही शादी की तस्वीरों में से एक में परजान दस्तूर ने सफेद रंग का कुर्ता पजामा पहना हुआ है, जबकि डेलना ने मरून कलर की साड़ी पहनी हुई है। इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा है, 'सितारे चमक रहे हैं...'। आपको बता दें कि परजान दस्तूर उस वक्त सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने शाहरूख खान और काजोल की फिल्म 'कुछ कुछ होता है' में एक छोटे सरदार का रोल किया था। फिल्म में उनके इस रोल को काफी पंसद किया गया था।

7 साल की उम्र से ही सीखने लगे थे पियानो
मुंबई के एक पारसी परिवार में जन्मे परजान को पियानो बजाने में महारथ हासिल है और वो 7 साल की उम्र से ही पियानो सीखने लगे थे। परजान ने एचआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से पढ़ाई की है। 'कुछ कुछ होता है' के अलावा परजान दस्तूर मोहब्बतें, जुबैदा और कभी खुशी कभी गम में भी काम कर चुके हैं। फिल्म कुछ कुछ होता है में बाल कलाकार के लिए उन्हें 'आशीर्वाद अवॉर्ड' से भी नवाजा जा चुका है।

''कुछ यात्राएं जीवनभर साथ रहती हैं'
हाल ही में 16 अक्टूबर को जब फिल्म 'कुछ कुछ होता है' के 22 साल पूरे हुए तो परजान ने अपने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरों का एक कोलाज शेयर किया था। इस कोलाज में एक तस्वीर में फिल्म कुछ कुछ होता है का स्क्रीनशॉट था, जबकि दूसरी तस्वीर में वो शाहरुख खान के साथ नजर आ रहे थे। तस्वीर के कैप्शन में परजान ने लिखा, 'कुछ यात्राएं जीवनभर साथ रहती हैं।'

फिल्म सिकंदर में किया था लीड रोल
परजान दस्तूर ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि वो फिर से शाहरुख खान के साथ काम करना चाहते हैं। परजान ने कहा, 'एक बच्चे के तौर पर शाहरुख खान के साथ काम करना मेरे जीवन के शानदार अनुभवों में से एक है। मैं चाहता हूं कि एक बार फिर से मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिले।' परजान दस्तूर ने साल 2009 में आई पीयूष झा की फिल्म सिकंदर में लीड रोल भी निभाया था। इस फिल्म में परजान ने एक ऐसे लड़के की भूमिका निभाई थी, जो फुटबॉलर बनना चाहता था लेकिन उसके हाथ में बंदूक आ जाने से उसकी पूरी जिंदगी बदल जाती है।












Click it and Unblock the Notifications