सपा नेता रमाकांत यादव के खिलाफ FIR दर्ज, बताया था कोरोना वायरस को एक छलावा
नई दिल्ली। पूर्व सांसद और समाजवादी पार्टी के नेता रमाकांत यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ गुमराह करने की धारा के तहत केस दर्ज किया है। रमाकांत यादव ने कोरोना को एक छलावा बताया था। आजमगढ़ के पूर्व सांसद ने कहा था कि कोरोना वायरस एनआरसी, सीएए और महंगाई के मुद्दे से भटकाने के लिए उछाला गया है। साथ ही उन्होंने कहा था कि कोरोना भारत में नहीं है।

रमाकांत यादव ने कहा था कि सरकार अन्य मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए कोरोना का माहौल खड़ा कर रही है। एक सवाल के जवाब में सपा नेता ने कहा था कि पूरी दुनिया में कोरोना वायरस का कहर होगा लेकिन भारत में नहीं है। उन्होंने कहा था कि कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति को वे गले लगाने को तैयार हैं। रमाकांत यादव ने कहा था कि एक मीटर खड़े रहने की कोई जरूरत नहीं है।
बता दें कि कोरोना वायरस को लेकर तमाम स्वास्थ्य संगठनों द्वारा लोगों से सामाजिक दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है। कोरोना वायरस को लेकर डॉक्टरों द्वारा भी लगातार सलाह दी जा रही है कि अधिक से अधिक अपने घरों में रहें। वहीं, पीएम मोदी और तमाम राज्य सरकारों ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में ना जाएं।
उत्तर प्रदेश की बात करें तो राज्य में कोरोना वायरस के अब तक 23 मामले सामने आए हैं जिनमें 9 लोग ठीक हो चुके हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। वहीं, पूरे देश में कोरोना वायरस के 271 मामले सामने आ चुके हैं। सबसे अधिक केस महाराष्ट्र में सामने आए हैं जहां कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 63 तक जा पहुंची है। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए पीएम मोदी ने 22 मार्च (रविवार) को जनता कर्फ्यू का आह्वान किया है। इस दौरान सुबह सात बजे से रात 9 बजे तक लोगों से अपने घरों से बाहर ना निकलने को कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications