BJP के ट्वीट के खिलाफ FRI, कांग्रेस मेनिफेस्टो को बताया था मुस्लिम लीग का घोषणापत्र
भाजपा के आधिकारिक हैंडल से 'एक्स' पर 23 अप्रैल को 'कांग्रेस घोषणा-पत्र या मुस्लिम लीग घोषणा-पत्र' शीर्षक से पोस्ट किए गए एक ट्वीट के खिलाफ एफआईआर कराई गई है। कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।
कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मल्लेश्वरम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की एफएसटी टीम द्वारा बेंगलुरु के मल्लेश्वरम पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। बीजेपी पर आरोप है कि वह समाज में नफरत को बढ़ावा दे रही है।

सीईओ ने कहा, "एफआईआर संख्या: 0061/2024 आरपी अधिनियम की धारा 125 और आईपीसी की धारा 153 के तहत विभिन्न समूहों और नागरिकों के वर्गों के बीच नफरत और दुश्मनी को बढ़ावा देने के लिए 24/4/2024 को दर्ज की गई है।"
मंगलवार को बीजेपी कर्नाटक के एक्स हैंडल ने एक्स पर पोस्ट कर सवाल किया था कि क्या कांग्रेस द्वारा जारी किया गया घोषणापत्र मुस्लिम लीग का था।
बीजेपी ने पोस्ट कर लिखा, "कांग्रेस घोषणापत्र या मुस्लिम लीग घोषणापत्र? शैक्षणिक संस्थानों में हिजाब थोपना। मुसलमानों को धन वितरण। मुसलमानों को विशेष आरक्षण। पर्सनल लॉ की स्वतंत्रता। मुसलमानों को सीधे न्यायाधीश नियुक्त किया जाए। मुसलमानों को नौकरी पर रखने के लिए सार्वजनिक और निजी संस्थाओं को आदेश। और ऐसे कई विभाजनकारी एजेंडे!"
इस बीच पीएम मोदी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके घोषणापत्र में मुस्लिम लीग की छाप दिखती है। पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ में कहा, ''जब कांग्रेस का घोषणापत्र आया, उसी दिन मैंने कह दिया था कि कांग्रेस के घोषणापत्र पर मुस्लिम लीग की छाप है।''
पीएम मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस आरक्षण को लूटना चाहती है। पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस के इरादे नेक नहीं हैं। इनके इरादे संविधान के अनुरूप नहीं हैं, सामाजिक न्याय के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सालों पहले कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का प्रयास किया था। फिर कांग्रेस ने इसे पूरे देश में लागू करने की योजना बनाई।"












Click it and Unblock the Notifications