Dilip Kumar: अधूरा रह गया दिलीप कुमार का ये सपना, जिसे पूरा करने के लिए 3 साल तक की थी मेहनत
मुंबई, जुलाई 08: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का 98 साल की उम्र में बुधवार सुबह 7:30 बजे निधन हो गया। दिलीप कुमार ने जहां एक्टिंग से सभी का दिल जीता तो वहीं उनका एक सपना अधूरा रह गया। यह सपना था उनका निर्देशक के तौर पर काम करने का। जो शुरू तो हुआ लेकिन कभी पूरा नहीं हो सका। दुनिया ने दिलीप कुमार की एक्टिंग तो देखी लेकिन कभी उनका निर्देशन नहीं देख पाई। बतौर निर्देशक दिलीप कुमार ने 90 के दशक में एक फिल्म शुरू की थी, जिसका नाम 'कलिंग' था।

'कलिंग' दिलीप कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट थी
'कलिंग' दिलीप कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट थी। उनकी ये पहली और आखिरी बतौर डायरेक्टर फिल्म थी। लेकिन 'कलिंग' कभी सिनमा घर तक नहीं पहुंच पाई। अब दिलीप कुमार के निधन के बाद प्रोड्यूसर संगीता अहिर ने फिल्म को रिलीज करने की बात कही है। ईटाइम्स से खास बातचीत में संगीता ने कहा है कि यह बहुत ही दुर्भाग्यवश है कि हमने दिलीप साहब को खो दिया है। वह काफी समय से बीमार थे। वह वहां होते तो बहुत अच्छो होता क्योंकि ये उनका ड्रीम प्रोजेक्ट था।

1992 में फिल्म का मुंबई में शानदार मुहूर्त हुआ था
उन्होंने बताया कि, कलिंग को बनाने के बाद से दिलीप साहब ने कोई और प्रोजेक्ट पर काम नहीं किया। यह फिल्म को लेकर बहुत डेडिकेटिड थे। यह फिल्म उनका सपना थी। फिल्म में मीनाक्षी शेषाद्री, जैकी श्रॉफ, शिल्पा शिरोडकर, राज बब्बर, राज किरण, किरण जुनेजा, राधा सेठ, अमितोज मान जैसे कलाकार थे। दिलीप कुमार खुद इस फिल्म में एक अहम मुख्य भूमिका में थे। 1992 में फिल्म का मुंबई में शानदार मुहूर्त हुआ था। इसे 90 प्रतिशत बनने में ही तीन साल लग गए थे।

इस वजह से अटक गई फिल्म
बताया जाता है कि, फिल्म की शूटिंग भी हुईं लेकिन प्रोड्यूसर सुधाकर बोकाडे के साथ मतभेद के चलते फिल्म की शूटिंग बीच में ही अधूरी रह गई। फिल्म को 25 साल से अधिक समय हो गया है। फिल्म में काम करने वाले अधिकतर कलाकार अब इंडस्ट्री में एक्टिव नहीं हैं। फिल्म की हीरोइन शिल्पा शिरोडकर ने दिलीप कुमार की मौत के बाद कलिंग के लॉन्च की तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर कर उन्हें याद किया।

फिल्म में दिलीप कुमार जस्टिस कलिंग के किरदार में थे
इस फिल्म में दिलीप कुमार जस्टिस कलिंग के किरदार में थे। जो इंसाफ और परिवार के बीच एक लड़ाई लड़ता है। इस फिल्म के लिए बेहतरीन डायलॉग लिखे गए थे। लेकिन फिल्म के बीच में ही दिलीप कुमार और प्रोड्यूसर सुधाकर बोकाडे के बीच मतभेद शुरू हो गए। फिल्म की शूटिंग खत्म होने से पहले ही उन दोनों के बीच मतभेद इतने गहरा गए कि, फिल्म की शूटिंग को बीच में ही बंद कर दिया गया।

भोजपुरी फिल्म को कर चुके हैं प्रोड्यूस
फिल्म की शूटिंग बंद होने के साथ ही दिलीप कुमार का डायरेक्टर बनने का सपना अधूरा रह गया। हालांकि प्रोड्यूसर के तौर पर दिलीप कुमार ने सायरा बानो के साथ एक भोजपुरी फिल्म 'अब का बन जा सजनवा हमार' प्रोड्यूस की थी। इस फिल्म में नगमा और रवि किशन मुख्य भूमिका में थे। लेकिन इस फिल्म के निर्माण के दौरान दिलीप और सायरा को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications