महिला एंकर ने बताया, अजहरुद्दीन के नामाकंन में एक वकील ने मेरे साथ की थी गंदी हरकत
नई दिल्ली। शिमला में नए साल के जश्न की रिपोर्टिंग के दौरान एक महिला पत्रकार को छेड़छाड़ की घटना का शिकार होना पड़ा। महिला पत्रकार ने इस पूरे घटना को अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया जिसके बाद ये सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। न्यूज 24 चैनल की वरिष्ठ महिला पत्रकार साक्षी जोशी ने इस खबर को शेयर करते हुए अपने साथ 2009 में घटी एक घटना का साझा किया। साक्षी जोशी उस वक्त मोहम्मद अजहरूद्दीन के नामांकन को कवर करने मुरादाबाद गईं थी।

वकील ने की गंदी हरकत
साक्षी जोशी ने बताया, 'मैं इंडिया टीवी में थी। 2009 में अजहरुद्दीन का नॉमिनेशन फाइल होना था इसलिए मोरादाबाद गई थी। वहां कोर्ट परिसर में एक कथित वकील ने ही मेरे साथ बिलकुल यही हरकत की थी। मैं तब अज़हर का इंटरव्यू कर रही थी। और सिर्फ भीड़ से घिरी हुई थी। जैसे ही मेरा काम पूरा हुआ उस शख़्स को घुमाकर एक थप्पड रसीदा। वापस दफ्तर आई तो पता चला मोरादाबाद में वकीलों ने मेरे नाम का जुलूस निकाला।'

कब बदलेगी लड़कों की मानसिकता?
साक्षी ने आगे बताया, 'एक बॉस विनोद कापड़ी थे जिन्होंने मेरा साथ दिया जबकि दूसरे एक कथित सीनियर मेरे ही खिलाफ खड़े हो गए और मुझसे वीडियो सबूत तक मांगा गया। उस महिला पत्रकार ने इस घटना के बाद भी अपना काम जारी रखा ये काबिले तारीफ है और वीडियो सबूत भी है पर उस लड़के के खिलाफ न कुछ होगा। न ये सब हरकतें बदलेंगी। 2009 का मुरादाबाद 2018 के शिमला तक फैला हुआ है। नए साल पुराने हो जाएंगे पर ऐसे लड़कों की मानसिकता कब बदलेगी, पता नहीं।'

लाइव रिपोर्टिंग के दौरान छेड़छाड़
बता दें कि नए साल पर एबीपी न्यूज की महिला पत्रकार, निधि श्री शिमला से रिपोर्टिंग कर रहीं थीं। इसी दौरान एक युवक ने निधि के पास आकर उसके बैक पर हाथ मारा। इस घटना से सन्न निधि ने पलटकर युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद भी युवक वहां से जाता नहीं है बल्कि मौके मिलते ही निधि के सिर पर मारता है और आराम से चला जाता है। निधि इस घटना के बाद भी अपना काम को करती रहीं और रिपोर्ट को पूरा किया। ये पूरा मामला कैमरे में कैद हो गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि उस वक्त वहां पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे लेकिन किसी ने युवक को उसकी गंदी हरकतों के लिए रोकने का प्रयास तक नहीं किया। निधि ने इस घटना के वीडियो को फेसबुक पर शेयर किया है।












Click it and Unblock the Notifications