चुनाव प्रचार के दौरान अपनी ही गाड़ी से कुचली गईं महिला उम्मीदवार, मौके पर ही मौत
लातूर में चुनाव के आखिरी दिनों में प्रचार जोरों पर चल रहे हैं लेकिन इस घटना के बाद से महिला उम्मीदवार के परिजनों में शोक की लहर है। इस घटना में पद्मिनी बाई माधवराव पाटिल की मौत हो गई है।
लातूर। महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक महिला उम्मीदवार चुनाव प्रचार के दौरान अपनी गाड़ी से कुचली गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला के लिए चुनाव प्रचार काफी भारी पड़ा। इसमें महिला उम्मीदवार को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। लातूर में ग्राम पंचायत चुनाव की एक महिला उम्मीदवार की प्रचार के दौरान अपनी ही गाड़ी के नीचे आकर मौत होने से खलबली मच गई। ये घटना महाराष्ट्र के लातूर में पान चिंचोली गांव के पास घटी है। लातूर जिले में ग्राम पंचायत चुनाव होने वाले हैं। इस चुनाव को लेकर गांव वालों में काफी चहल-पहल देखी जा सकती है। वहीं इस घटना के बाद लोग दुखी हैं।

लातूर में चुनाव के आखिरी दिनों में प्रचार जोरों पर चल रहे हैं लेकिन इस घटना के बाद से महिला उम्मीदवार के परिजनों में शोक की लहर है। इस घटना में पद्मिनी बाई माधवराव पाटिल की मौत हो गई है। पद्मिनीबाई पाटिल भी ग्राम पंचायत चुनाव में लड़ने के लिए महिला उम्मीदवार थीं। निलंगा तहसील के तुपड़ी, सोनेसांगवी और दगड़वाड़ी में ग्राम पंचायत चुनाव शुरू है। महिला उम्मीदवार दगड़वाड़ी क्षेत्र से प्रचार समाप्त करके घर वापस लौट रही थी।

घर से लौटने से पहले वो अपने किसी रिश्तेदार के घर मिलने जाने जा रही थी। इसी बीच टाटा सफारी गाड़ी से उतर वो अपनी गाड़ी के पीछे जा रही थी लेकिन इसी दौरान ड्राइवर ने अचानक से गाड़ी पीछे ली और गाड़ी के धक्के से नीचे गिरने के बाद वो सफारी गाड़ी के नीचे दब गईं। सफारी गाड़ी उनके सिर के ऊपर से चली गई, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से ड्राइवर फरार है। पुलिस ड्राइवर को ढूंढ रही है। 50 वर्षीय पद्मिनी बाई ग्राम विकास जनता पैनल से उम्मीदवार थी।












Click it and Unblock the Notifications