Omicron: देश में कोरोना की तीसरी लहर का अंदेशा, केंद्र ने राज्यों को दिए ये निर्देश
नई दिल्ली, 09 दिसंबर: देश में लगातार बढ़ते कोरोना के नए वैरिएंट 'ओमिक्रॉन' के मामलों के मद्देनजर तीसरी लहर की आशंकाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में गुरुवार को केंद्र ने राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों को संभावित कोरोना के मामलों में वृद्धि के लिहाज से अलर्ट रहने के लिए कहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने वरिष्ठ अधिकारियों से 8 महत्वपूर्ण दवाओं का पर्याप्त स्टॉक और यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी अस्पताल कोरोना के नए केस में किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें उन्होंने उनसे कोरोनो वायरस के इलाज के लिए काम आने वाली 8 जरीरू दवाओं के पर्याप्त स्टॉक की उपलब्धता के बारे में कहा। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा कि सभी अस्पताल कोरोना के मामलों में किसी भी संभावित उछाल से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहे।
दरअसल, यह मीटिंग भारत में कोरोना वायरस के अत्यधिक प्रसार वाले 'ओमिक्रॉन' के कई मामलों के सामने आने के बाद की गई है। वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए स्वास्थ्य सचिवों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशकों से बात करते हुए भूषण ने कहा कि सभी स्वास्थ्य सुविधाओं में वेंटिलेटर, पीएसए प्लांट और ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर होने चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि राज्यों को सूचित किया गया था कि केंद्र द्वारा आपूर्ति किए गए कई वेंटिलेटर अभी भी कुछ क्षेत्र के अस्पतालों में पैक और बिना काम लिए रखे हुए हैं। वहीं साथ ही कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए तुरंत समीक्षा करने की आवश्यकता है कि सभी पीएसए ऑक्सीजन प्लांट, ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर और वेंटिलेटर स्थापित हैं और काम कर रहे हैं। इसी के साथ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा गया कि वे टेस्टिंग बढ़ाएं और निगरानी पर ध्यान दें ताकि शीघ्र क्वारेंटाइन करके संदिग्ध मामलों की जल्द से जल्द पहचान की जा सकें।












Click it and Unblock the Notifications