नजरबंदी में बीता फारूक अब्दुल्ला का जन्मदिन, पत्नी-बेटी बधाई देने पहुंचीं
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा सदस्य फारूक अब्दुल्ला का जन्मदिन सोमवार को नजरबंदी में गुजरा। सोमवार (21 अक्टूबर) को फारूक अब्दुल्ला 82 साल के हो गए। इस साल उनके जन्मदिन पर कोई खास आयोजन नहीं किया गया, ना ही मेहमानों की भीड़ और ना कोई तामझाम। इस दौरान उनकी पत्नी मौली और बेटी साफिया जन्मदिन के मौके पर मिलने पहुंचीं थीं।

जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद से ही फारूक अब्दुल्ला को पीएसए के तहत नजरबंद रखा गया है। अब्दुला के अलावा उमर अब्दुल्ला और पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती सहित कई राजनेताओं को नजरबंद रखा गया है। फारूक अब्दुल्ला को जन्मदिन के मौके पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बधाई दी।
ममता बनर्जी ने ट्विटर पर बधाई देते हुए लिखा, 'फारूक अब्दुल्ला जी को जन्मदिन की बधाई, ये आपके लिए मुश्किल भरा वक्त है, हम आपके साथ है। सकारात्मक रहें। हम आपकी अच्छी सेहत की कामना करते हैं।' अब्दुल्ला की पत्नी मौली और बेटी साफिया ने भी सोमवार को उनके जन्मदिन के अवसर पर बधाई दी। इनको सोमवार को अब्दुल्ला से मिलने की इजाजत दी गई थी।
5 अगस्त को जम्मू कश्मीर को दिए गए विशेष राज्य का दर्ज खत्म किए जाने के बाद से ज्यादातर नेता नजरबंद हैं और वहां पर बड़े पैमाने पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला भी हिरासत में हैं। फारूक अब्दुल्ला पर पब्लिक सेफ्टी एक्ट लगाया गया है। पीएसए एक ऐसा कानून है, जिसमें किसी को गिरफ्तार कर बिना सुनवाई के दो साल तक हिरासत में रखा जा सकता है। जम्मू-कश्मीर में नेताओं को नजरबंद किए जाने का विपक्ष लगातार विरोध करता रहा है।












Click it and Unblock the Notifications