चंद्रयान-2 की असफलता और 4 साल बाद जश्न का माहौल, इसरो की हिम्मत और मेहनत ने दिलाया विश्व में मान
ISRO Chandrayaan Moon Mission: चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है। आज का दिन (23 अगस्त) भारत के इतिहास के लिए बहुत बड़ा साबित हुआ है। चांद की सतह पर चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है।
चंद्रयान-3 मिशन के चंद्रमा की सतह पर उतरते ही बेंगलुरु में इसरो मिशन कंट्रोल सेंटर 'वंदे मातरम' के नारों और जश्न से झूम उठा। पीएम मोदी ने इसरो प्रमुख और वैज्ञानिकों को जोहान्सबर्ग से संबोधित करते हुए बधाई दी।

असफलता से ली सीख और रचा इतिहास
लेकिन एक वक्त ऐसा भी था, जब भारत को चांद के करीब होते हुए भी निराशा हाथ लगी थी। चंद्रयान-2 के मिशन के दौरान ऐसा ही कुछ हुआ था, जब भारतवासी और हमारे वैज्ञानिक सफलता से चंद कदम दूर असफल हुए।
साल 2019 में 22 जुलाई को लॉन्च किया गया चंद्रयान-2 चांद की ध्रुवीय कक्षा में चांद का चक्कर लगाते वक्त लैंडर 'विक्रम' 2 सितंबर को अलग हो गया था। और चांद की सतह से 2.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर लैंडर का स्पेस सेंटर से संपर्क टूट गया।
पीएम मोदी ने लगाया था गले
इस दौरान इसरो सेंटर पर मौजूद पीएम मोदी ने उस वक्त के इसरो चीफ के सिवान को गले लगाकर सांत्वना दी दी। जब चंद्रयान-2 की विफलता पर इसरो चीफ रो पड़े थे तो पीएम मोदी ने गले लगाकर उनको हिम्मत दी और कहा था कि विज्ञान में नाकामी जैसी कोई चीज नहीं होती है बल्कि हर कदम एक नया प्रयोग होता है।
और आज उत्साह भर देने वाला पल
सितंबर 2019 के बाद आज 4 साल बाद उसी चंद्रयान की कमियों से सीखकर भारत ने नया कीर्तिमांन रच दिया है। इसरो के चंद्रयान-3 ने चांद के साउथ पोल पर सफल लैडिंग की। अब भारत को आने वाले 14 दिनों का बेसब्री से इंतजार है, जब चांद पर खोज के हमारे पास सबूत होंगे।
खुशी से झूमे इसरो प्रमुख एस सोमनाथ
इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर अपनी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा, "समर्थन के लिए आप सभी को धन्यवाद...हमने अपनी असफलता से बहुत कुछ सीखा और आज हम सफल हुए। हम चंद्रयान-3 के लिए अब से अगले 14 दिनों का इंतजार कर रहे हैं।"
पूर्व इसरो चीफ का बयान
पूर्व इसरो प्रमुख के सिवन ने इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग पर बधाई दी। उन्होंने कहा, "हम वास्तव में उत्साहित हैं...हम लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रहे थे। मैं बहुत खुश हूं।"












Click it and Unblock the Notifications