जिस सुधीर पर बांग्लादेशियों ने हमला किया उसकी एक मिस्ड कॉल पर कॉल बैक करते हैं सचिन
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। क्रिकेट को जैंटलमैन गेम कहा जाता है। मगर इसी पाक-साफ और फन वाले गेम के दौरान रविवार को जो कुछ भी बांग्लादेश की जमीन पर हुआ उसकी काली स्याही इसे दागदार करने के लिए काफी है। जीत के नशे में चूर बांग्लादेश के समर्थक क्रिकेट के खलनायक बन गये और उन लोगों ने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के सबसे बड़े फैन सुधीर गौतम पर हमला कर दिया। इस हमले में सुधीर बाल-बाल बचे। सुधीर दो पुलिसवालों की मदद से स्टेडियम के बाहर आए।

भीड़ में लोग चिल्ला रहे थे कि हमने विश्व कप क्वार्टरफाइनल में मिली हार का बदला ले लिया है और अब मैदान के बाहर भी अपना बदला लेंगे। सभ्य खेल में असभ्यता की सारी हदें पार करते हुए बांग्लादेशी समर्थकों ने सुधीर की पैंट उतारने की भी कोशिश की।बांग्लादेशी समर्थकों की तरफ से की गई यह ओछी हरकत किसी भी कीमत पर माफ करने लायक नहीं है।
उन्हें शायद क्रिकेट को लेकर सुधीर गौतम की सिद्दत का अंदाजा नहीं है। क्रिकेट के इस जनूनी फैन को खुद तेंदुलकर अपने दिल के बेहद करीब मानते हैं। शायद आपको पता ना हो लेकिन हम आपको बता दें कि सुधीर गौतम की एक मिस्ड कॉल पर तेंदुलकर फौरन कॉलबैक करते हैं। इस बात का खुलासा खुद सुधीर ने एक एफएम चैनल को दिए इंटरव्यू में किया था।
इंटरव्यू में सुधीर ने बताया कि 'जब कभी जरूरत होती है तो मैं सचिन सर को कॉल करता हूं, वो फोन उठा कर कहते हैं रखो सुधीर हम करते हैं'। जब वो विदेश में भी होते हैं तब भी कॉल करते हैं। जब हमें बहुत ज्यादा जरूरत होती है तभी हम उनको कॉल करते हैं'। इतना ही नहीं सुधीर ने यह भी बताया कि सचिन के घर में उनकी एंट्री पर पाबंदी भी नहीं है।
वो हर साल सचिन के लिए लीची लेकर जाते हैं। सुधीर ने बताया कि मैं सचिन सर के घर कभी भी जा सकता हूं। मेरी ट्रेन ऐसी है जो सुबह 3 या 3:13 पर मुंबई पहुंचती है और मैं वहां से ऑटो लेकर 4 बजे तक सचिन सर के घर पहुंच जाता हूं। उनके घर में बिना रोक टोक मेरी एंट्री होती है। ये उनका सबसे बड़ा उपकार है।












Click it and Unblock the Notifications