असम के स्वास्थ्य मंत्री के पोस्ट पर फेसबुक ने लगाया रोक, जानिए पूरा मामला
नई दिल्ली। असम सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हेमंत विश्व शर्मा के एक पोस्ट पर फेसबुक ने रोक लगा दी है। जांचकर्ताओं की ओर से वीडियो की जांच के बाद इसे झूठी जानकारी करार दिए जाने के बावजूद मंत्री के वीडिये को न हटाने या कोई खंडन जारी न करने के कारण फेसबुक ने वीडियो पर रोक लगा दी है। आपको बता दें कि शर्मा ने बीते शुक्रवार को फेसबुक समेत अपने हर सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए बदरुद्दीन अजमल के समर्थकों द्वारा सिलचर हवाई अड्डे पर 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाये जाने का आरोप लगाया था, हालांकि विपक्षी दल ने इस आरोप को खारिज किया है।

ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट ने यह स्पष्ट किया है पार्टी नेताओं के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने 'अजीज खान जिंदाबाद' के नारे लगाये थे। एआईयूडीएफ के मुताबिक तथ्यों की जांच करने वाली ऑल्टन्यूज और बूमलाइव जैसी साइटों ने भी स्वतंत्र रूप से तथ्यों की जांच कर उनके दावे को सही और मंत्री द्वारा साझा की गयी वीडियो को झूठी जानकारी करार दिया है।
कुछ दिन पहले मुंबई पुलिस कमिश्नर पर भी दिया था बयान
अर्णब गोस्वामी की गिरफ्तारी को लेकर हेमंत विश्व शर्मा ने कहा था कि मैंने सुना था कि मुंबई के पुलिस कमिश्नर एक साहसी अधिकारी हैं लेकिन अर्णब गोस्वामी को गिरफ्तार करने के लिए उन्हें एके -47 के साथ पुलिस बल तैनात करनी पड़ी, इसका मतलब है कि वह पूरे भारत में सबसे कायर अधिकारी हैं। हेमंत विश्व शर्मा ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार को फौरन अर्णब गोस्वामी को रिहा करना चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। असम के लोग उनकी करतूत को बारीकी से देख रहे हैं। सीएम को लोकतंत्र की आवाज सुननी चाहिए और एक साधारण पत्रकार को परेशान नहीं करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications