अंकिता का खुलासा- सुशांत के पिता के पास ही नहीं था उनका नंबर, बहन से भी एक साल बाद की थी बात
नई दिल्ली: सुशांत सुसाइड केस में जब से पटना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है, तब से इस मामले में नए खुलासे होते जा रहे हैं। रिया चक्रवर्ती ने अपने ऊपर लगे सारे इल्जामों से इनकार किया है, लेकिन अभी भी कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं। इस बीच सुशांत की एक्स गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे का भी बयान सामने आया है। जिसमें कई नए खुलासे हुए हैं।
Recommended Video

'सुसाइड करने वाला लड़का नहीं था सुशांत'
इंडिया टुड़े की रिपोर्ट के मुताबिक अंकिता को एक रिपोर्टर के जरिए सुशांत के सुसाइड की खबर मिली थी। उन्हें इस बात पर यकीन ही नहीं हो रहा था। वो समझ ही नहीं पाईं कि अचानक क्या हो गया। अंकिता के मुताबिक सुशांत सुसाइड करने वाला लड़का नहीं था। उसे अपने सपनों को जीना था, वो डायरी में एक-एक बात लिखता था कि उसे 5 साल बाद क्या करना है। अंकिता सुशांत को बहुत करीब से जानती थीं, ऐसे में उन्हें इस बात का विश्वास नहीं हो रहा कि सुशांत ने सुसाइड कर लिया।

पिता के पास ही नहीं था नंबर
अंकिता के मुताबिक सुशांत के पिता के पास ही उसका नया नंबर नहीं था। उन्होंने एक बार फोन करके कहा था कि हो सके तो मेरी बात सुशांत से करवा दो। उनकी बहन श्वेता से भी अंकिता मई में मिली थीं। उस दौरान उन्होंने अंकिता से बताया कि मई में जाकर एक बार उनकी सुशांत से बात हुई। श्वेता के मुताबिक सुशांत के लिए पैसा मायने नहीं रखता था, उनके लिए सिर्फ इमेज ही सब कुछ थी।

मजबूत दिल के थे सुशांत
अंकिता के मुताबिक पवित्रा रिश्ता छोड़ने के बाद सुशांत ने तीन साल तक फिल्म मिलने का इंतजार किया। वो हमेशा हंसता रहता था। सुशांत के करियर में भी सब कुछ प्लानिंग के हिसाब से चल रहा था। ऐसे में डिप्रेशन की बात कहां से आ गई। अंकिता के मुताबिक सुशांत मजबूत दिल के थे। ऐसे में डिप्रेशन और सुसाइड की बात वो नहीं मानती हैं।

बिहार पुलिस तेजी से कर रही जांच
आपको बता दें मुंबई पहुंचने के बाद बिहार पुलिस ने सुशांत के करीब रहे लोगों से पूछताछ की है। अभी तक बैंक मैनेजर के अलावा उनके कुक, बहन और पूर्व गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे से पूछताछ की गई है। वहीं रिया चक्रवर्ती ने इस एफआईआर को पटना से मुंबई ट्रांसफर करने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। रिया की याचिका को चुनौती देते हुए सुशांत के परिवार और बिहार सरकार ने भी सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की है। उनका कहना है कि सुशांत के परिवार को सुने बिना रिया की याचिका को नहीं सुना जाए।












Click it and Unblock the Notifications